Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा:रेलवे ट्रैक पर मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका

हरदा के भिरंगी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर 40 वर्षीय संतोष अटले का शव मिला। पुलिस आत्महत्या की आशंका के बीच जांच कर रही है। वहीं पोस्टमार्टम से पहले शव को 4 घंटे तक वाहन में छोड़ने पर अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं।
रेलवे ट्रैक पर मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका
मृतक संतोष अटले

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना छीपाबड़ थाना क्षेत्र के भिरंगी स्टेशन के पास की है। मृतक की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरास निवासी संतोष अटले के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

बहन के घर जाने निकले थे, अगले दिन मिला शव

परिजनों के अनुसार दो बेटों और दो बेटियों के पिता संतोष अटले शनिवार को अपने गांव से बहन के घर ग्राम धनवाड़ा जाने के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित हो गया। रविवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिलने की सूचना दी।

घटनास्थल के पास मिली बाइक और मोबाइल

सूचना मिलते ही छीपाबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

शव वाहन में 4 घंटे तक पड़ा रहने का आरोप

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई। एक सामाजिक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया अस्पताल लाए गए शव को करीब चार घंटे तक वाहन से नीचे नहीं उतारा गया। बताया गया कि दोपहर एक बजे तक शव वाहन में ही पड़ा रहा।

ये भी पढ़ें: हरदा में सूने मकान में चोरी का खुलासा : 3 दिन में दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी- मोटरसाइकिल सहित कई सामान जब्त

सोशल मीडिया पर मामला उठने के बाद हरकत में आया प्रशासन

आरोप है कि जब इस लापरवाही का मामला सोशल मीडिया पर सामने आया, तब अस्पताल प्रबंधन और पुलिस सक्रिय हुई। इसके बाद आनन-फानन में शव को वाहन से उतारकर पोस्टमार्टम कक्ष में पहुंचाया गया। इस घटना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

ये भी पढ़ें: Katni News : कटनी-जबलपुर हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए मास्टर प्लान तैयार, संवेदनशील इलाकों में बनेंगी अस्थाई गौशालाएं

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Edited By: Sumit Shrivastava

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts