कटनी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13 थानों में 37 मामले दर्ज
कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के 13 थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने ढाबों, गलियों, कच्चे मकानों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर 37 मामले दर्ज किए और बड़ी मात्रा में देशी, मसाला तथा हाथ भट्टी से तैयार कच्ची शराब जब्त की
कोतवाली में 10 मामले दर्ज
कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुड़वारा स्टेशन रोड, आधारकाप, सब्जी मंडी, घंटाघर रामलीला मैदान, गांधीगंज और वारदाना गली में दबिश दी।
माधवनगर में 7 मामलों में कार्रवाई
माधवनगर थाना क्षेत्र के अमीरगंज, इमलिया, टेढ़ी और हरदुआ रोड पर पुलिस ने कार्रवाई की। यहां मोहित बर्मन से 30 पाव सीलबंद शराब, जिसकी कीमत 3 हजार रुपए बताई गई है, राजकुमार उर्फ कम्मू से 25 पाव मसाला शराब, कैलाश रजक से 20 पाव और ओमप्रकाश बर्मन से 18 पाव शराब जब्त की गई।
कुठला और रंगनाथ नगर में भी कार्रवाई
कुठला थाना क्षेत्र में इंद्रानगर गली नंबर 8 से रामशरण भारती के कब्जे से 21 पाव शराब, इंद्रानगर तिराहा स्थित सुरेश निषाद के टपरे से 18 पाव मसाला शराब और बिलहरी के रैपुरा से सोमनाथ बसदेवा के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की गई। यहां 3 मामले दर्ज हुए। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में नैंसी स्कूल के पास रवि दाहिया से 20 पाव, गड्ढा टोला में दिनेश कोरी से 20 पाव और पर्यावरण कॉलोनी के पास अनिकेत कुमार सोनकर से 17 पाव देशी लाल मसाला शराब पकड़ी गई। यहां भी 3 प्रकरण दर्ज किए गए।
बरही में कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने खिरहनी, करौंदी कला, कन्नौर, सलैया सिहोरा और बुजबुजा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कोमल कोल, रामदयाल साहू, प्रेमलाल प्रजापति, सुशील आदिवासी और शिवदयाल कोल के कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। बरही में कुल 5 मामले दर्ज हुए।
स्लीमनाबाद में 85 पाव शराब जब्त
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पौनिया में मुकेश कोल से 35 पाव देशी शराब और ग्राम महगवां में मुकेश काछी से 50 पाव देशी और मसाला शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है। यहां 2 मामले दर्ज किए गए।
बड़वारा और उमरियापान में भी कार्रवाई
बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम भुड़सा में डुमनियाबाई कोल के कब्जे से 5 लीटर और अनसुईया कोल से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। यहां 2 प्रकरण दर्ज हुए।
ये भी पढ़ें: भोपाल में FD पर साइबर ठगों की सेंध! बिना OTP-पिन बताए बुजुर्ग के 6 लाख रुपए उड़ाए
कैमोर में 33 पाव देशी शराब पकड़ी
कैमोर थाना क्षेत्र के तिलक चौक में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमल अरोरा से 17 पाव और सुरजीत कुमार केवट से 16 पाव देशी शराब जब्त की। इस थाना क्षेत्र में 2 मामले दर्ज हुए
अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ककरहटा में नंदकुमार बर्मन से 5 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। रीठी थाना क्षेत्र के बरजी में जाहर सिंह से 15 पाव शराब और विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के रोहनिया में लक्ष्मण केवट से 5 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल में जिम कारोबार पर CGST का शिकंजा, 5 ठिकानों पर छापे में करोड़ों की टैक्स गड़बड़ी
अवैध शराब के कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।






















