सिंगरौली- छह घंटे में कंचन ज्वेलर्स डकैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। जयंत के बजरंग कॉम्पलेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज हथियारबंद डकैती का पुलिस ने करीब छह घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लूटे गए आभूषण, नकदी, वाहन और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चंद्रवंशी निवासी झारखंड तथा रोशन कुमार उर्फ रोशन स्वीपर निवासी सोनभद्र, उत्तरप्रदेश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रोशन जवाबी फायरिंग में घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।आरोपियों के कब्जे से 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी के आभूषण, 1,04,200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल, घायल कर्मचारी से छीना गया वीवो मोबाइल, एक पिस्टल और दो कट्टे बरामद किए गए हैं
बताया गया कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ उत्तरप्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस को अलर्ट किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अनपरा क्षेत्र में संदिग्ध मोटरसाइकिलों का पीछा किया गया। इसी दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
अलग-अलग राज्यों में भी भेजी टीम
वारदात में दुकान संचालक के सिर पर हमला और कर्मचारी के हाथ में गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजी गई हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ बाकी मशरूका भी बरामद किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सतना में 4 मंजिला मकान में भीषण आग, तीसरी मंजिल पर फंसे 2 बच्चों का रेस्क्यू



















