सीधी के खुटेली में स्कूल की जमीन पर रातों-रात तान दीं 30 झोपड़ियां, अफसरों ने हटवाए अवैध कब्जे

सीधी। जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम खुटेली में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की भूमि पर रातों-रात अवैध कब्जा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर रात कुछ लोगों ने स्कूल परिसर की जमीन पर अचानक 30 से अधिक अस्थायी झोपड़ियां खड़ी कर दीं। सोमवार सुबह जैसे ही मामले की भनक लगी, प्रशासनिक महकमे और पुलिस बल में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
सूचना मिलते ही सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला, बहरी तहसीलदार हिमांशु शुक्ला और बहरी थाने की पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जमीनी हकीकत का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि सरकारी शिक्षण संस्थान की जमीन पर अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने तुरंत सभी अस्थायी झोपड़ियों को हटाने का सख्त फरमान जारी किया है।
रहने के लिए खुद की जमीन नहीं
स्थानीय ग्रामीण रामभद्र कोल का कहना है कि झोपड़ियां बनाने वाले बेहद गरीब हैं और उनके पास रहने के लिए खुद की जमीन नहीं है, जिसके चलते उन्होंने यहां शरण ली। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियम विरुद्ध जाकर शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मान्य नहीं होगा और तय समय सीमा में जमीन खाली न करने पर बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।
यह अस्थायी कब्जा, ग्रामीण बहकावे में आए
इस संबंध में सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्थायी कब्जा है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कुछ ग्रामीण किसी असामाजिक तत्व के बहकावे में आकर यह कदम उठा रहे हैं। कब्जा करने वालों के साथ-साथ उकसाने वाले साजिशकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















