1349 सदस्यों के प्रतिनिधित्व और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान, डॉ. ऋचा शर्मा बनीं MP की बेस्ट प्रेसिडेंट
जबलपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), जबलपुर की पूर्व अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा को संगठन के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट गतिविधियों और प्रभावी नेतृत्व के लिए मध्यप्रदेश की सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष के सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें वर्ष 2025-26 के लिए ‘बेस्ट प्रेसिडेंट’ अवॉर्ड प्रदान किया गया। सागर में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित आईएमए मध्यप्रदेश के 68वें वार्षिक सम्मेलन में उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
सांसद और विधायक ने किया सम्मानित
सम्मेलन में मुख्य अतिथि सागर की सांसद लता वानखेड़े और देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने डॉ. ऋचा शर्मा को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत, नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटेले, सचिव डॉ. दीपक साहू सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। डॉ. शर्मा को यह पुरस्कार उनके कार्यकाल के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रियता से आगे बढ़ाने और एसोसिएशन के सदस्यों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने के लिए दिया गया। उनके नेतृत्व में संगठन की गतिविधियों और सदस्यों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया।
1349 सदस्यों को दिया उपलब्धि का श्रेय
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. ऋचा शर्मा ने पीपुल्स समाचार से चर्चा में इस उपलब्धि का श्रेय आईएमए जबलपुर के सभी 1349 सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे संगठन के सामूहिक प्रयासों और सहयोग का सम्मान है। डॉ. शर्मा ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष एसोसिएशन और उसके सदस्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए समर्पित भाव से काम किया। उन्होंने इस सम्मान के लिए आईएमए मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और सदस्यों के सहयोग व संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को महत्वपूर्ण बताया।
घंसौर: रेल लाइन दोहरीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण की चर्चा, सैकड़ों परिवारों को छत छिनने की आशंका
आईएमए जबलपुर के लिए गौरव का अवसर
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर पर मिला यह सम्मान आईएमए जबलपुर के लिए भी गौरव का अवसर है। यह पुरस्कार संगठन की सक्रियता, सामूहिक सहभागिता और चिकित्सा जगत से जुड़े चिकित्सकों के बीच समन्वय को रेखांकित करता है। उन्होंने इस उपलब्धि को आईएमए जबलपुर के सभी सदस्यों को समर्पित किया।






















