Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक हुए शिवराज, बोले- अपने लिए कुछ मांगने से बेहतर, मरना पसंद करूंगा

Follow on Google News
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक हुए शिवराज, बोले- अपने लिए कुछ मांगने से बेहतर, मरना पसंद करूंगा
भोपाल। मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को CM हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान शिवराज भावुक हो गए। उन्होंने कहा, 'मेरे मन में कभी दुर्भावना नहीं रही। कर्तव्य के भाव से किए गए फैसले से किसी को तकलीफ पहुंची हो तो मैं क्षमाप्रार्थी। एक कार्यकर्ता के नाते जनता की सेवा करता रहूंगा। अपनी जनता का हृदय से आभारी हूं। वहीं मीडिया ने पूछा कि चुनाव जीतने के बाद आपने दिल्ली नहीं जाने की बात क्यों कही थी? इसका जबाव देते हुए शिवराज ने कहा- अपने लिए कुछ मांगने से पहले मरना पसंद करूंगा।

रिकॉर्ड बनते ही तोड़ने के लिए : सीएम

लोकसभा चुनाव के लिए टिकट मांगेंगे के सवाल पर शिवराज ने कहा- ''एक बात मैं विनम्रता के साथ कहता हूं कि अपने लिए कुछ मांगने जाने से पहले मैं मरना बेहतर समझूंगा। इसलिए मैंने कहा था कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा। वहीं चार बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड तोड़ने के सवाल पर शिवराज बोले, 'रिकॉर्ड बनते ही तोड़ने के लिए हैं।' [embed]https://twitter.com/psamachar1/status/1734490353376575794[/embed]

मेरा मन संतोष से भरा हुआ : शिवराज

प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू करते ही शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मोहन यादव के नेतृत्व में बीजेपी सरकार अधूरे कामों को पूरा करेगी और प्रगति के मामले में मध्य प्रदेश नई ऊंचाइयां छुएगा। मैं सदैव मोहन यादव को सहयोग करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि आज मेरे मन में संतोष का भाव है। 2003 में उमा जी के नेतृत्व में भारी बहुमत से बीजेपी सरकार बनी थी। उसी सरकार का नेतृत्व बाद में मैंने किया था। तिरंगा वाले प्रकरण में उन्होंने पद छोड़ा था, फिर गौर साहब और फिर मैं सीएम बना। 2008 में हम फिर सरकार वापस लेकर आए, 2013 में फिर बीजेपी सरकार भारी बहुमत से बनी। 2018 में भी वोट बीजेपी को ज्यादा मिले, लेकिन सीटों के गणित में हम पिछड़ गए थे। लेकिन बाद में फिर हमने सरकार बनाई। आज जब मैं यहां से विदाई ले रहा हूं तो मुझे इस बात संतोष है कि 2023 में फिर भारी बहुमत से बीजेपी सरकार बनी है। शिवराज ने कहा कि मेरा मन संतोष से भरा हुआ है, क्योंकि लाखों कार्यकर्ताओं अथक परिश्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद के कारण, केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के कारण, जिसमें लाड़ली बहना योजना का योगदान जबरदस्त है, यह सरकार बनी।

हमें विरासत में पिछड़ा और बीमारू मध्य प्रदेश मिला था : शिवराज

शिवराज ने कहा कि हमें विरासत में पिछड़ा और बीमारू मध्य प्रदेश मिला था। लंबा सफर हमने विकास और प्रगति का तय किया। इन वर्षों में मैंने अपनी क्षमता और सामर्थ्य को झोंककर प्रदेश के विकास के लिए काम किया। मैंने पूरी प्रमाणिकता, ईमानदारी के साथ प्रदेश का काम किया है।इसी वजह से गड्ढों वाली सड़कों से शानदार हाइवे वाला प्रदेश बन गया। अंधेरे के घेरों से निकालकर उजालों की दुनियों में हम नए मध्य प्रदेश को लेकर आए। सामान्य शब्दों में कहें तो भट्ट सुअर से लेकर मेट्रो ट्रेन तक का सफर हमने तय किया। टपरे वाली आईटीआई से हम ग्लोबल स्किल पार्क तक पहुंचे। मेडिकल कॉलेज हो या सीएम राइज स्कूल, टूरिज्म का क्षेत्र हो या सांस्कृतिक पुर्नउत्थान का, महाकाल लोक से लेकर देवीधाम लोक तक स्थापित किए हैं।

जनता से परिवार के रिश्ते रहे

शिवराज आगे बोले, मुख्यमंत्री रहते हुए भी कभी जनता से मेरे मुख्यमंत्री वाले रिश्ते नहीं रहे, परिवार के रिश्ते रहे हैं। मामा का रिश्ता प्यार और भैया का रिश्ता विश्वास का होता है। प्यार और विश्वास के रिश्ते को जब तक मेरी सांस चलेगी, तब तक मैं टूटने नहीं दूंगा। जनता की सेवा भगवान की पूजा है। यह पूजा मैं सदैव करता रहूंगा। क्योंकि उन्होंने मुझे अपना ही माना, कोई दूसरा नहीं माना। ये भी पढ़ें- MP Politics : कमलनाथ ने नवनियुक्त CM को दी बधाई, डॉ. मोहन यादव ने नरोत्तम मिश्रा से की मुलाकात
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts