Shivpuri News :पुलिस टीम के सामने प्रेमी ने प्रमिका का गला रेता, खुद की जान देने की कोशिश की

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र से फरार हुए प्रेमी जोड़े को गुजरात से बरामद कर वापस ला रही पुलिस टीम के सामने दर्दनाक और सनसनीखेज घटना घटित हो गई। गुजरात के गांधीनगर जिले में हाइवे किनारे स्थित एक होटल में ठहरने के दौरान प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपने गले पर वार कर लिया। घटना गुरुवार रात करीब एक से ढाई बजे के बीच की बताई जा रही है। युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
7 जून को भाग गए थे रजनी और संतोष
जानकारी के अनुसार देहात थाना क्षेत्र के पिपरसमा गांव निवासी 21 वर्षीय रजनी धाकड़ और 25 वर्षीय संतोष जाटव के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 7 जून की रात घर से भाग गए थे। अगले दिन परिजनों को युवती के घर से गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शिकायत में परिजनों ने संतोष जाटव के साथ जाने की आशंका जताई थी। युवती की तलाश में जुटी पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर दोनों के गुजरात में होने की जानकारी मिली।
ये भी पढ़ें: कोलकाता की सरकारी बिल्डिंग में भीषण आग : 4 हजार EVM जलने का दावा; TMC, कांग्रेस और AAP ने उठाए सवाल
रजनी को भाई को लेकर गुजरात पहुंची पुलिस
इसके बाद 10 जून को देहात थाने की टीम युवती के भाई को साथ लेकर गुजरात रवाना हुई। 11 जून को पुलिस ने राजकोट जिले के सांपर क्षेत्र में एक फैक्ट्री के बाहर बनी मजदूरों की झोपड़ी से दोनों को बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस टीम दोनों को लेकर शिवपुरी रवाना हो गई। लंबी यात्रा और थकान के चलते पुलिस दल ने गांधीनगर से आगे उदयपुर हाइवे पर स्थित होटल राइन इन पोर्ट में रात करीब 10 बजे विश्राम करने का निर्णय लिया। बताया गया है कि रात 11 बजे सभी लोगों ने भोजन किया और होटल के कमरे में सो गए।
रात एक बजे संतोष ने रजनी का गला रेता
रात करीब 1 बजे के बाद अचानक कमरे से हलचल और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं। बताया गया कि संतोष जाटव ने चाकू से रजनी धाकड़ का गला रेत दिया और इसके बाद खुद के गले पर भी वार कर लिया। पुलिसकर्मियों ने आहट सुनते ही तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों को एंबुलेंस की सहायता से गांधीनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रजनी धाकड़ को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष जाटव का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांधीनगर जिले की चिलोड़ा थाना पुलिस ने 8 घंटे की पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि वारदात गुजरात में हुई है, इसलिए इस मामले की जांच गुजरात पुलिस द्वारा की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Jabalpur News: सौरभ शर्मा की हाईकोर्ट से जमानत अर्जी खारिज, पत्नी की सर्जरी का दिया था हवाला
दोनों ने आत्महत्या का प्रयास किया था
देहात थाना पुलिस गुमशुदा युवती और युवक को गुजरात से बरामद कर शिवपुरी ला रही थी। इसी दौरान दोनों ने आत्महत्या का प्रयास किया, इसमें युवती की मृत्यु हो गई है। घटना गुजरात क्षेत्राधिकार में हुई है, इसलिए वहां की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संजीव मुले, एएसपी शिवपुरी












