शहडोल में दर्दनाक हादसा :3 साल के मासूम की कुएं में गिरकर मौत, घर के आंगन में खेलते वक्त हादसा

शहडोल। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कुबरा गांव में घर के आंगन में खेल रहा बच्चा अचानक पीछे की बाड़ी में बने बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गया। काफी देर तक तलाश के बाद उसका शव कुएं से बरामद हुआ। शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कुबरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया।
घर के आंगन में खेल रहा तीन वर्षीय मासूम खेलते-खेलते पीछे की बाड़ी में पहुंच गया और वहां बने बिना मुंडेर के खुले कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दीवांश साहू (3) पिता दीपक साहू के रूप में हुई है।
खेलते-खेलते पहुंचा बाड़ी में पहुंचा दीवांश
परिजनों के अनुसार, दीवांश रोज की तरह घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते पीछे की बाड़ी की ओर चला गया। वहां बने खुले कुएं के चारों ओर कोई मुंडेर या सुरक्षा घेरा नहीं था। संतुलन बिगड़ने पर मासूम सीधे कुएं में जा गिरा। उस समय परिवार के लोग घर के अन्य कामों में व्यस्त थे, इसलिए किसी को घटना का पता नहीं चला। जब काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव कुएं में तैरता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि घरों और खेतों के आसपास बने खुले कुओं तथा गहरे गड्ढों को मुंडेर, जाली या ढक्कन से सुरक्षित करें, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: नरसिंहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा : मिठाई बांटकर लौट रहे जीजा-साली की ट्रक की टक्कर से मौत, एक युवक गंभीर घायल
खुले कुओं से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई कुएं बिना मुंडेर और सुरक्षा व्यवस्था के खुले पड़े हैं। छोटे बच्चों के लिए ये कुएं बड़ा खतरा बन सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे कुओं के चारों ओर मजबूत मुंडेर या लोहे की जाली लगाना जरूरी है। साथ ही, छोटे बच्चों पर हर समय नजर रखना और उन्हें अकेले खुले स्थानों पर नहीं छोड़ना चाहिए। ऐसी छोटी सावधानियां कई परिवारों को बड़े हादसों से बचा सकती हैं।











