Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा: कंटेनर समेत 6 कारें जलकर खाक, जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर

सिवनी के छपारा में NH-44 पर कंटेनर में भीषण आग लगने से छह कारें जलकर खाक हो गईं। जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी, कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा: कंटेनर समेत 6 कारें जलकर खाक, जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर
सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा

सिवनी जिले में NH-44 पर एक के बाद एक हुए दो हादसों से अफरा-तफरी मच गई। छपारा थाना क्षेत्र के बंजारी घाट के पास एक कंटेनर में भीषण आग लग गई। कंटेनर में लदी 6 कारें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके बाद घटनास्थल की जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गए।

/img/116/1786888803215

कंटेनर में लगी आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के मुताबिक बंजारी घाट के पास NH-44 पर कारों को लेकर जा रहे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कंटेनर में लदी छह कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि कारों में ईंधन मौजूद था जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटों के चलते मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग बुझाने के प्रयास किए गए लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कंटेनर और उसमें लदी सभी छह कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे की जांच के लिए जा रहे पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर

कंटेनर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद छपारा पुलिस की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। इसी दौरान हाईवे पर पुलिस वाहन की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन सड़क पर पलट गया। वाहन में छपारा थाना प्रभारी, एएसआई और एक आरक्षक समेत पुलिसकर्मी मौजूद थे। हादसे में सभी घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए छपारा अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

ये भी पढ़ें: हरदा के पीपल्याकला में स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ग्राम सभा, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; अवैध शराब के खिलाफ प्रस्ताव पारित

NH-44 पर कई घंटे प्रभावित रहा यातायात

एक तरफ कंटेनर में आग और दूसरी तरफ पुलिस वाहन की दुर्घटना के कारण NH-44 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस का अतिरिक्त बल भी मौके पर पहुंचा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और अन्य वाहनों को सड़क से हटाने तथा यातायात को सामान्य करने के प्रयास किए गए। कई घंटे तक वाहन चालकों को जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे पत्रकारों से कथित बदसलूकी का आरोप

घटना की जानकारी जुटाने के लिए मौके पर पहुंचे पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि कुछ ड्राइवरों ने पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया और कुछ के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। इसको लेकर मौके पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: कटनी: ग्रामीणों ने की सड़क की मांग, कलेक्टर ने पैदल चलकर लिया जायजा; फिर बाइक चलाकर एसपी को पीछे बैठाया

आग और टक्कर दोनों मामलों की जांच जारी

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें कंटेनर में आग लगने का कारण, कारों में ईंधन की मौजूदगी, आग इतनी तेजी से फैलने की वजह और पुलिस वाहन को ट्रक द्वारा मारी गई टक्कर के कारणों को शामिल किया गया है। फिलहाल हादसे में घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही आग और सड़क दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts