Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

हरदा के पीपल्याकला में स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ग्राम सभा, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; अवैध शराब के खिलाफ प्रस्ताव पारित

हरदा के पीपल्याकला में स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ग्राम सभा हुई। महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की। अवैध शराब बंद कराने, अतिक्रमण हटाने और गांव के विकास से जुड़े प्रस्ताव पारित हुए।
Follow on Google News
हरदा के पीपल्याकला में स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ग्राम सभा, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; अवैध शराब के खिलाफ प्रस्ताव पारित
ग्रामसभा में उपस्थित महिलाएं

टिमरनी तहसील के ग्राम पीपल्याकला में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इससे पहले गांव के पंचायत भवन में उत्साह और हर्षोल्लास के बीच ध्वजारोहण किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रगान के साथ सरपंच भागवत सिंह ठाकुर ने तिरंगा फहराया। इसके बाद ग्राम सभा आयोजित हुई जिसमें पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्राम सभा में गांव के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बिंदुवार चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे जिसके बाद कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने उठाई आवाज

ग्राम सभा में गांव में कथित तौर पर हो रहे अवैध शराब विक्रय का मुद्दा प्रमुखता से उठा। महिला और पुरुष सदस्यों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया। ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री तत्काल बंद कराने के लिए कड़ा प्रस्ताव पारित किया। इस दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी चर्चा का खास विषय रही। ग्रामीणों ने कहा कि गांव से जुड़े सामाजिक मुद्दों और विकास कार्यों में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है।

पंचायत को विकास के लिए मिले 1.11 लाख रुपए

ग्राम सभा के दौरान छिदगांव मेल स्थित एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जनरल मैनेजर प्रवीण चौधरी ने स्कूल और ग्राम पंचायत को आवश्यक सामग्री भेंट की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत पीपल्याकला के विकास कार्यों के लिए 1 लाख 11 हजार रुपए का चेक भी प्रदान किया गया। ग्राम सभा के सदस्यों ने सर्वसम्मति से तय किया कि इस राशि का इस्तेमाल शीतला माता मंदिर के चबूतरे के आसपास सीमांकन और सौंदर्यीकरण के काम में किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: देवास से MD की खेप लेकर इंदौर पहुंचा:खजराना में पुलिस ने दबोचा

अतिक्रमण हटाने का भी लिया निर्णय

ग्रामीणों की मांग पर ग्राम सभा में गांव के मुख्य मार्ग से जुड़े रास्तों और गलियों से अतिक्रमण हटाने का निर्णय भी लिया गया। इसमें छिदगांव मेल दुर्गा मंदिर से आवास की ओर जाने वाले रास्ते के साथ ही वार्ड नंबर 5 और 6 की गलियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रस्ताव शामिल है। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा की गई। योजना से जुड़े प्रावधानों और पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई।

स्वतंत्रता दिवस के इतिहास पर डाला प्रकाश

ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष प्रकाश चौहान ने स्कूल और ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 15 अगस्त 1947 के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में अनेक वीरों ने अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों की शहादत को याद रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। देशहित में सहयोग करने के साथ ही समाज में आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें: पिता की मौत पर नहीं पहुंचीं बेटियां, अब तेरहवीं में भी रहीं गैरहाजिर; समाज के लोगों ने निभाईं सभी रस्में

ग्राम सभा का संचालन प्रधान पाठक ने किया

विशेष ग्राम सभा का संचालन प्रधान पाठक विष्णु प्रसाद गोयल ने किया। उन्होंने ग्राम सभा का एजेंडा पढ़कर सुनाया, जिसके बाद उपस्थित सदस्यों ने अलग-अलग बिंदुओं पर चर्चा की और प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए। इस अवसर पर सरपंच भागवत सिंह ठाकुर, सचिव नीता चौबे, सहायक सचिव बलवीर सिंह राजपूत, भैयालाल काका, रूपसिंह कटारे, कमल सिंह राजपूत, सुरेश ठेकेदार, अशोक, फुल्लू कटारे, सुनील, रोहित, गणेश कहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक मौजूद रहे।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

icon

Latest Posts