सिवनी मालवा में मेडिकल दुकान में देर रात जेसीबी से तोड़फोड़, संचालक ने लगाए गंभीर आरोप
सिवनी मालवा। नगर में देर रात प्रभात मेडिकल में जेसीबी से तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का पता मेडिकल संचालक राघवेन्द्र अग्रवाल को सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर चला। उन्होंने देखा कि मेडिकल का शटर टूटा हुआ था और ऊपर की दीवार में भी बड़ा छेद किया गया था। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें कथित तौर पर देर रात जेसीबी से दुकान में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद मेडिकल संचालक राघवेन्द्र अग्रवाल सिवनी मालवा थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
संचालक ने लगाया स्टे की अवहेलना का आरोप
मेडिकल संचालक राघवेन्द्र अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनका मनीष मोदी के साथ कानूनी विवाद चल रहा है। अग्रवाल के अनुसार, इस मामले में न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में स्टे जारी किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टे की अवहेलना करते हुए मनीष मोदी ने दुकान से संबंधित कार्रवाई की और अनवर खान उर्फ अन्नू कबाड़ी के माध्यम से रात में जेसीबी से मेडिकल में तोड़फोड़ करवाई। अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रेलवे में 1.96 करोड़ का विदेशी सोना जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज की जांच
थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: सिवनी मालवा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने बढ़ाया उत्साह






















