हरदा में 67वां पुलिस स्मृति दिवस, शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

हरदा। इंदौर रोड स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को 67वां पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान भी किया गया।
परेड कर शहीदों को किया नमन
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक, कलेक्टर कुमार सत्यम, एएसपी अमित कुमार मिश्रा, हरदा एसडीएम शैलेन्द्र बढ़ोनिया और एसडीओपी शालिनी परस्ते सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों ने शहीदों की स्मृति में परेड की। पुलिस अधीक्षक शशांक ने परेड की सलामी ली और शहीद जवानों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए
कलेक्टर कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने अमर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को नमन किया। इस दौरान देश की सुरक्षा और सेवा में उनके योगदान को याद किया गया।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम में शहीद इलाप सिंह के भाई गुमान सिंह और शहीद दीपसिंह के भाई अनारसिंह को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शहीदों के बलिदान को याद किया। इस अवसर पर सहायक लोक अभियोजक अनिल यादव सहित सभी थाना प्रभारी और पुलिस जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करना और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना रहा।




















