दिग्विजय सिंह बोले- चंदा चोरों को पकड़ो, वोट चोरी बंद करो; उज्जैन से अयोध्या तक यात्रा का दूसरा दिन

उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का बुधवार को दूसरा दिन है। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस यात्रा में दिग्विजय सिंह समर्थकों के साथ पैदल चल रहे हैं। उन्होंने चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे उठाते हुए कहा- चंदा चोरों को पकड़ो, जेल भेजो, बचाओ मत। वोट चोरी बंद करो। EVM हमें नहीं चाहिए, हमें बैलेट पेपर से चुनाव चाहिए।
950 किलोमीटर की यात्रा, 70 दिन में अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य
बुधवार सुबह करीब 10 बजे यात्रा तराना रोड स्थित श्री साईं कुंज कॉलोनी से शुरू हुई। करीब 950 किलोमीटर लंबी यह यात्रा लगभग 70 दिनों में अयोध्या स्थित राम मंदिर पहुंचने के लक्ष्य के साथ निकाली जा रही है। दूसरे दिन यात्रा के पिंगलेश्वर जोड़, नहारिया जोड़, सायराखेड़ी और देवनखेड़ी होते हुए ताजपुर जोड़ पहुंचने का कार्यक्रम था। यहां भोजन और विश्राम के बाद यात्रा आगे बढ़नी थी। शाम को देवास जिले के सिंदूरिया गांव में पड़ाव प्रस्तावित था।
'शिव धाम से राम धाम तक की यात्रा'
दिग्विजय सिंह ने यात्रा को शिव धाम से राम धाम तक की यात्रा बताया। उन्होंने समर्थकों के साथ ‘बम-बम भोले’ का उद्घोष किया, जिसके जवाब में समर्थकों ने ‘जय सियाराम’ के नारे लगाए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि सनातनी परंपरा कभी सीता जी का अपमान नहीं करती। यात्रा को लेकर मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि ने टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि राम मंदिर बनने के समय वैसा उत्साह नहीं दिखा, जैसा अब मंदिर के चंदे पर सवाल उठाने में दिखाई दे रहा है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- उनको छोड़ दीजिए। मैं जानता भी नहीं उनको।
अमृता राय बोलीं- धर्म के नाम पर धोखाधड़ी से स्वाभिमान को ठेस
दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय भी यात्रा में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हर धर्म के व्यक्ति के स्वाभिमान को जगाने का प्रयास है। अमृता राय के मुताबिक, चढ़ावे की चोरी और धर्म के नाम पर धोखाधड़ी से सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचती है। यात्रा के माध्यम से इसी मुद्दे को उठाया जा रहा है।
यात्रा में शामिल होने के लिए 3 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन
यात्रा प्रभारी चंदर सिंह सोंधिया ने बताया कि यात्रा में स्थायी रूप से शामिल होने के लिए अब तक करीब 3 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा हजारों लोग अलग-अलग स्थानों पर यात्रा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के जरिए सनातन धर्म की सही व्याख्या और भगवान के प्रति समर्पण का संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
चंदा चोरी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर निकाली यात्रा
दिग्विजय सिंह ने यात्रा की शुरुआत में कहा था कि इसका उद्देश्य सनातन धर्म के नाम पर चुनाव लड़ने और चंदा जुटाने में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ लोगों तक अपनी बात पहुंचाना है। उन्होंने राम जन्मभूमि के लिए जुटाए गए चंदे में चोरी का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि इस मामले में छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई, लेकिन बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय नहीं की गई।
दिग्विजय सिंह ने वोट चोरी और नोट चोरी के मुद्दे भी उठाए हैं। यात्रा के दौरान पर्चे बांटने और राष्ट्रपति के नाम रिपोर्ट पेश करने की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य किसी के खिलाफ राजनीतिक इस्तेमाल करना नहीं, बल्कि लोगों के सामने अपनी बात रखना और न्याय की मांग करना है। दिग्विजय सिंह ने यह भी बताया कि उनकी अनुपस्थिति में यात्रा से जुड़े संवाद की जिम्मेदारी अमृता राय संभालेंगी। उन्होंने अमृता राय को अपना प्रवक्ता और योगेंद्र परिहार को अपनी अनुपस्थिति में सह-प्रवक्ता बताया है।




















