Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी मालवा के वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया में तेजी, कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

सिवनी मालवा के वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने की प्रक्रिया को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सिवनी मालवा के वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया में तेजी, कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

सिवनी। सिवनी मालवा के वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन करने की प्रक्रिया को गति देने के लिए एसडीएम कार्यालय के सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य आपसी समन्वय और सहमति के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सर्वे से लेकर जिला समिति को प्रस्ताव भेजने तक होगी निगरानी

बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन की प्रक्रिया के सभी चरणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक चर्चा, सर्वे, दावा आवेदन, स्थल सत्यापन, ग्राम सभा और उपखंड समिति से प्रस्ताव जिला स्तरीय समिति को भेजने तक हर चरण महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य पूरी तत्परता और गंभीरता से किए जाएं, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि उपखंड स्तरीय समिति की ओर से स्पष्ट टीप और अनुशंसा के साथ प्रस्ताव जिला स्तरीय समिति को भेजे जाएं।

तीन विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश

कलेक्टर ने राजस्व, वन और पंचायत विभाग के मैदानी अमले को सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी वन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी औपचारिकताएं तय समय-सीमा में पूरी कराने को कहा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने स्तर पर कार्यों की लगातार समीक्षा करें। प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की समस्या या समन्वय संबंधी कठिनाई सामने आती है तो इसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए, ताकि उसका समय रहते निराकरण किया जा सके।

Breaking News

बैठक में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में भारतीय वन सेवा के अधिकारी शोभित जोशी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय राय, अनुविभागीय अधिकारी वन अनिल विश्वकर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्रीमती श्रुति चौधरी सहित संबंधित हल्का पटवारी, बीट गार्ड और पंचायत सचिव मौजूद रहे। कलेक्टर ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

SANDEEP THAKUR
By SANDEEP THAKUR

SEONI MALWA

Latest Posts