Seoni News :खेत में मवेशी घुसने के विवाद में किसान की हत्या, टूटी कांच की शीशी से किया हमला

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में खेत में मवेशी घुसने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम जम्होड़ी कला निवासी बुध्दुलाल उइके (50) की कथित तौर पर टूटी कांच की शीशी से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुई घटना?
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम बुध्दुलाल उइके गांव के अशोक मरावी के साथ कोहका टोला गए थे। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर लौटे। उनकी कमर से लगातार खून बह रहा था। परिजनों को उन्होंने बताया कि कोहका टोला निवासी राजकुमार उर्फ पुच्ची मरावी से खेत में मवेशी लाने को लेकर विवाद हुआ था।
टूटी कांच की शीशी से किया हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने पहले गाली-गलौज की, फिर धक्का देकर बुध्दुलाल को जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पास में पड़ी टूटी कांच की शीशी से उनकी कमर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
पत्नी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पत्नी सेवबती बाई उइके की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजकुमार उर्फ पुच्ची मरावी (35) को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी हो चुका था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत में मवेशियों के प्रवेश को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय मौके पर और कौन-कौन मौजूद था।
पुलिस की ग्रामीणों से अपील
घंसौर पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेत और मवेशियों से जुड़े विवादों में कानून हाथ में लेने के बजाय आपसी बातचीत और कानूनी प्रक्रिया का सहारा लें। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।











