Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

युवा संवाद में सामने आया सीहोर के युवाओं का विजन, रोजगार से डिजिटल सुविधाओं तक पूछे सवाल

लीसा टॉकीज मैदान शनिवार को युवाओं की आवाज, उम्मीदों और उत्साह से गूंज उठा। मौका था युवा संवाद सम्मेलन का, जहां सीहोर विधानसभा क्षेत्र के शहर और ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। सम्मेलन की खासियत यह रही कि मंच पर सिर्फ भाषण नहीं हुए, बल्कि युवाओं को सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला।
युवा संवाद में सामने आया सीहोर के युवाओं का विजन, रोजगार से डिजिटल सुविधाओं तक पूछे सवाल
युवा संवाद में सामने आया सीहोर के युवाओं का विजन

सीहोर। युवा संवाद सम्मेलन में युवाओं की मौजूदगी इतनी अधिक रही कि पंडाल में बैठने की जगह कम पड़ गई। जितने युवा कुर्सियों पर बैठे थे, बड़ी संख्या में उतने ही युवा वाटरप्रूफ डोम के बाहर खड़े होकर कार्यक्रम सुनते नजर आए। सीहोर के साथ श्यामपुर, दोराहा, अहमदपुर, चरनाल, बरखेड़ा, चांदबढ़ सहित ग्रामीण क्षेत्रों से युवा बस, कार और बाइक से पहुंचे। आयोजकों के अनुसार दस हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी रही।

मां सरस्वती और गणेश पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता अखिलेंद्र मिश्र, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, विधायक सुदेश राय, अरुणा राय, साहित्यकार पंकज पुरोहित, युवा भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल और रांझा राय ने मां सरस्वती और भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर किया। धार्मिक वातावरण में शुरू हुआ कार्यक्रम आगे चलकर युवाओं के सवालों और उनकी आकांक्षाओं का मंच बन गया।

ये भी पढ़ें: 'सिस्टम को स्टूडेंट नहीं, अंधभक्त चाहिए...' इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाए

पुष्पवर्षा से हुआ अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अतिथियों का युवाओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जेसीबी से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान युवा भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल को फूलमालाएं पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गईं।

रोजगार के सवाल में छिपी युवाओं की सबसे बड़ी चिंता

टॉक शो के दौरान युवाओं ने रोजगार को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सीहोर विधानसभा क्षेत्र में ऐसा स्थानीय रोजगार पोर्टल बनाया जा सकता है, जहां क्षेत्र की कंपनियों और युवाओं को सीधे जोड़ा जा सके। युवाओं ने हर वर्ष स्किल मैपिंग कराने का सुझाव भी दिया, ताकि यह जानकारी उपलब्ध हो सके कि किस युवा के पास कौन-सी योग्यता और कौशल है और उसे किस प्रकार के रोजगार से जोड़ा जा सकता है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मांगी सुविधाएं

युवाओं ने सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए सीहोर में निःशुल्क कोचिंग और टेस्ट सीरीज की स्थायी व्यवस्था की मांग रखी। साथ ही ऐसी लाइब्रेरी बनाने का सुझाव दिया गया, जहां विद्यार्थी शांत वातावरण में बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। युवाओं की यह मांग पढ़ाई के साथ संसाधनों की उपलब्धता से जुड़ी थी।

Breaking News

चयन के बाद भी युवाओं को झेलनी पड़ती है परेशानी

पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर युवाओं ने अपनी परेशानी खुलकर बताई। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को पुलिस वेरिफिकेशन के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। युवाओं ने ऐसी व्यवस्था की मांग की, जिससे यह प्रक्रिया उनके लिए आसान हो सके और अनावश्यक समय और परेशानी से बचा जा सके।

छात्राओं के बस किराये का मुद्दा भी उठा

ग्रामीण क्षेत्रों से स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं के बस किराये का मुद्दा भी युवाओं ने उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या स्कूल या कॉलेज का आईडी कार्ड दिखाने पर छात्राओं को बस किराये में कुछ छूट मिल सकती है। युवाओं ने मुख्यमंत्री स्तर पर ऐसी योजना शुरू कराने की संभावना पर भी विधायक से सवाल किया।

पुलिस-मिलिट्री भर्ती की तैयारी करने वालों की भी आवाज

पीजी कॉलेज मैदान में पुलिस और मिलिट्री भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं की समस्या भी मंच तक पहुंची। युवाओं ने बताया कि वे नियमित रूप से मैदान में फिजिकल ट्रेनिंग करते हैं, लेकिन वहां पीने के पानी और वॉशरूम की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती है। खासकर महिला अभ्यर्थियों को इन सुविधाओं के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ये भी पढ़ें: बैंक मित्रों की लंबित मांगों को लेकर 20 सितंबर को भोपाल में प्रदर्शन, प्रदेशभर से पहुंचेंगे कर्मचारी

श्यामपुर सड़क को लेकर मिला जवाब

युवाओं ने श्यामपुर मार्ग की खराब सड़क का सवाल भी विधायक के सामने रखा। इस पर विधायक सुदेश राय ने कहा कि श्यामपुर सड़क फोरलेन बनने जा रही है और उसका वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द काम शुरू होने से खराब सड़क के कारण होने वाली परेशानी समाप्त होने की उम्मीद है।

युवाओं ने मांगा हर महीने सीधा संवाद

युवाओं ने विधायक से यह भी पूछा कि क्या महीने में एक दिन ऐसा निर्धारित किया जा सकता है, जब वे सीधे उनसे मिलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकें। युवाओं का कहना था कि अगर नियमित संवाद की व्यवस्था हो तो छोटी-बड़ी समस्याएं समय रहते सामने लाई जा सकती हैं। मंच से सीधे सवाल पूछने के साथ यह सुझाव भी युवा संवाद का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

डिजिटल दौर में डिजिटल प्रशिक्षण की मांग

युवाओं ने हर महीने निःशुल्क डिजिटल ट्रेनिंग कैंप लगाने की मांग रखी। इसमें ऑनलाइन काम, आधार अपडेट, ड्राइविंग लाइसेंस, मूल निवासी प्रमाण पत्र और अन्य डिजिटल सेवाओं की जानकारी देने का सुझाव दिया गया। युवाओं का कहना था कि सरकारी सेवाएं तेजी से ऑनलाइन हो रही हैं, ऐसे में डिजिटल जानकारी और प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर सकता है।

करियर और रोजगार मेले का भी आया सुझाव

युवाओं ने विधायक के स्तर पर हर वर्ष बड़े करियर और रोजगार मेले के आयोजन का सुझाव दिया। इसमें स्थानीय कंपनियों को बुलाकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और विशेषज्ञों से करियर काउंसलिंग कराने की बात कही गई। इसके अलावा युवाओं ने हनुमान अंश फिल्म निशुल्क दिखाने का सवाल भी रखा।

विधायक ने रोजगार के लिए पोर्टल बनाने की बात कही

विधायक सुदेश राय ने युवाओं के सवालों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्थानीय रोजगार पोर्टल बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्किल मैपिंग के लिए विशेष इंतजाम करने की बात भी कही, ताकि युवाओं की योग्यता के अनुसार उन्हें अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा सके।

कोचिंग और लाइब्रेरी के लिए प्रयास का भरोसा

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग और टेस्ट सीरीज की स्थायी व्यवस्था और अच्छी लाइब्रेरी उपलब्ध कराने के प्रयास का आश्वासन भी विधायक ने दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

पुलिस और छात्राओं से जुड़े मुद्दों पर भी आश्वासन

पुलिस वेरिफिकेशन की समस्या के समाधान के लिए विधायक ने जिला पुलिस अधीक्षक से चर्चा करने की बात कही। वहीं छात्राओं के बस किराये में राहत दिलाने के सुझाव पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से चर्चा करने का आश्वासन दिया। पीजी कॉलेज मैदान में पेयजल और वॉशरूम की व्यवस्था कराने की बात भी कही।

अतिथियों ने युवाओं को दिखाई सकारात्मक राह

सम्मेलन को पंडित प्रदीप मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, फिल्म अभिनेता अखिलेंद्र मिश्र और विधायक सुदेश राय सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभाशाली युवाओं का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया।

युवाओं की आवाज को मिला एक साझा मंच

युवा संवाद सम्मेलन की सबसे खास तस्वीर यह रही कि अलग-अलग क्षेत्रों और पृष्ठभूमि से आए युवाओं ने अपनी जरूरतों को एक ही मंच पर रखा। किसी के लिए रोजगार प्राथमिकता था, किसी के लिए पढ़ाई की सुविधा, तो किसी के लिए सड़क, पानी और आवागमन। सवालों की यह विविधता बताती है कि युवाओं की अपेक्षाएं व्यापक हैं और वे अपने क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी भी चाहते हैं।

संवाद से निकली उम्मीद की एक नई तस्वीर

लीशा टॉकीज मैदान पर आयोजित यह सम्मेलन युवाओं के लिए अपनी बात सीधे रखने का अवसर बना। मंच से उठे सवालों के जवाब और दिए गए आश्वासन अब आने वाले समय में किस रूप में जमीन पर उतरते हैं, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल हजारों युवाओं की मौजूदगी और उनकी बेझिझक आवाज ने यह संदेश जरूर दिया कि सीहोर की युवा पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर सजग है और विकास की यात्रा में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts