धनतेरस पर हरदा के ग्रामीणों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार, 4 गांवों में 100% रजिस्ट्री पूरी

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में धनतेरस के मौके पर ग्रामीण परिवारों को संपत्ति पर कानूनी अधिकार का उपहार मिला। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के तहत हंडिया तहसील की ग्राम पंचायत नीमगांव में विशेष शिविर लगाया गया। यहां ग्रामीणों की स्वामित्व रजिस्ट्री पूरी कराई गई। इस दौरान कलेक्टर कुमार सत्यम ने शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का काम पूरा कराने वाले दो पटवारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पटवारियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित
शिविर में कलेक्टर कुमार सत्यम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंकज विश्नोई, भरत विश्नोई और राजेश विश्नोई की स्वामित्व रजिस्ट्री पूरी कराई गई। इस मौके पर कलेक्टर ने पटवारी राजीव जैन और धर्मेन्द्र यदुवंशी को शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का लक्ष्य पूरा करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान, एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया, तहसीलदार पूजा भाटी सहित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
निःशुल्क रजिस्ट्री से ग्रामीण के बचे 36 हजार रुपए
शिविर में ग्रामीण पंकज विश्नोई ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत उनकी रजिस्ट्री पूरी तरह निःशुल्क हुई है। इससे उन्हें करीब 36 हजार रुपए की बचत हुई। ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ रजिस्ट्री नहीं, बल्कि अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार का दस्तावेज हासिल करने का अवसर है।
चार गांवों में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूरी
हंडिया तहसीलदार पूजा भाटी के मुताबिक, तहसील के चार गांवों में स्वामित्व रजिस्ट्री का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। इनमें मिर्जापुर, उड़ावा, छिड़गांव और रेवापुर शामिल हैं। अभियान के दौरान सर्वर संबंधी परेशानी के बावजूद पटवारी देर रात तक रजिस्ट्री का काम पूरा कराने में जुटे रहे। प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित कर्मचारियों की सराहना की।




















