केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले-योजनाओं का लाभ लेना जनता का अधिकार, दफ्तरों के चक्कर न लगाएं नागरिक

सीहोर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शाहगंज में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों ने सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनना ही अभियान का उद्देश्य
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई कर रहे हैं।
पात्र हितग्राही को लाभ के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करना पात्र नागरिकों का अधिकार है। इसलिए किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा, योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी
शिविर में केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने हितग्राहियों से पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिला या नहीं और लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। इस दौरान हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपनी प्रगति की जानकारी साझा की।
मुद्रा योजना से मिला सहारा, शुरू किया अपना व्यवसाय
शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसके बाद अब 25 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। केंद्रीय मंत्री ने उनकी जानकारी लेते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 32 IAS समेत कई अफसरों के तबादले
उद्यम क्रांति और आवास योजना के हितग्राहियों को भी लाभ
चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत उनका ऋण स्वीकृत हो गया है। वहीं जितेंद्र और भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। आवास की सभी किश्तें प्राप्त होने के बाद उनका पक्का मकान भी बनकर तैयार हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने हितग्राहियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सभी विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों पर फोकस
शिवराज सिंह चौहान ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को केवल प्रक्रिया में रखने के बजाय निर्धारित समयसीमा में समाधान तक पहुंचाया जाए। कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने भी अधिकारियों को निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर में 68 आवेदन पहुंचे
शाहगंज में आयोजित शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने नागरिकों से उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव था, उन्हें मौके पर ही निपटाया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बुधनी विधायक ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम को बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने और समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।
ये भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, PHQ के निर्देश पर CSP कार्यालय सीज
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, शाहगंज नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव, सिलाई कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मनोहर लाल माहेश्वरी, बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एसपी सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, नगर परिषद सीएमओ रामानुज मिश्रा, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे उपस्थित रहे।





















