सीहोर की सीवन नदी से जलकुंभी और पुरानी प्रतिमाएं हटाईं, 30% सफाई पूरी; लोगों ने लिया संरक्षण का संकल्प
सीहोर। शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली सीवन नदी को गंदगी, जलकुंभी और धार्मिक सामग्री के ढेर से मुक्त कराने के लिए सीवन पुत्र टीम ने एक बार फिर मैदान संभाल लिया। रविवार को महिला घाट पर जलकुंभी निकालो महाअभियान चलाया गया। इस बार अभियान को समाजसेवी स्वर्गीय दादा सतीश राठौर की स्मृति को समर्पित किया गया।
सुबह 9 बजे से ही सीवन योद्धा नदी में उतर गए और घंटों तक जलकुंभी, पूजन सामग्री, पुरानी प्रतिमाएं, देवी-देवताओं के चित्र, फूल-मालाएं, कपड़े और ध्वज आदि निकालने में जुटे रहे। अभियान में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने भागीदारी कर सीवन को स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
जलकुंभी के साथ नदी में जमा धार्मिक सामग्री भी निकाली
महिला घाट पर चलाए गए अभियान के दौरान नदी में लंबे समय से जमा पूजन सामग्री और खंडित प्रतिमाओं को बाहर निकाला गया। टीम का उद्देश्य केवल जलकुंभी हटाना नहीं, बल्कि नदी में लगातार फेंकी जा रही ऐसी सामग्री को भी बाहर निकालना है, जो नदी के प्रदूषण को बढ़ा रही है।
सीवन पुत्री ललिता यादव ने साहस और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए अकेले नदी में उतरकर वर्षों से जमा प्रतिमाओं, देवी-देवताओं के चित्रों, फूल-मालाओं और अन्य पूजन सामग्री को बाहर निकाला। यह दृश्य अभियान में जुटे लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।
विशेष उपकरणों से तेज होगी जलकुंभी के खिलाफ लड़ाई
अभियान को और गति देने के लिए इस बार विशेष उपकरण भी तैयार किए गए। इनके निर्माण में राजकुमार सोनी और हरिनारायण कक्का की अहम भूमिका रही। सचिन प्रजापति और वैभव केवट ने भी सहयोग दिया। टीम का प्रयास है कि संसाधनों की कमी को अभियान की रफ्तार में बाधा न बनने दिया जाए और व्यवस्थित तरीके से नदी को जलकुंभी मुक्त किया जाए।
30 प्रतिशत सफलता का दावा, अभी लंबी है सफाई की लड़ाई
सीवन अभियान से जुड़े प्रदीप चावड़ा ने बताया कि जलकुंभी मुक्त सीवन अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अब तक करीब 30 प्रतिशत सफलता मिल चुकी है, लेकिन लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और जनसहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीवन को स्वच्छ बनाने का काम केवल एक टीम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर के नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पति की याद में सीवन नदी के घाट पर स्थापित करवाए दो पूजन पात्र, समाजसेवी ने दिए 51 हजार रुपये
ललिता कुशवाहा ने दिलाई सीवन संरक्षण की शपथ
रविवार शाम 4 बजे सीवन संरक्षण का संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीवन पुत्री ललिता कुशवाहा ने बच्चों से लेकर बड़ों तक को शपथ दिलाई कि वे सीवन नदी को मां के समान मानकर उसकी सेवा और सुरक्षा करेंगे। सभी ने संकल्प लिया कि वे सीवन पुत्र और पुत्री के रूप में नदी को स्वच्छ रखने, उसमें कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का प्रयास करेंगे।
समाजसेवियों ने अभियान को बताया जमीनी बदलाव की पहल
समाजसेवी कमलेश अग्रवाल ने कहा कि सीवन पुत्र टीम केवल बातें नहीं कर रही, बल्कि जमीन पर उतरकर लगातार काम कर रही है। समाजसेवी आशीष गहलोत ने एक वर्ष के सीवन अभियान की उपलब्धियों की जानकारी दी। जमना प्रसाद पाटीदार ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसे शहर के पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर सीवन पुत्र वैभव राठौर, प्रकाश यादव, ललिता कुशवाहा, प्रदीप चावड़ा, मुकेश राय, मुकेश कुशवाह, कानीराम मालवीय, लक्ष्मण चौकसे, वीरेंद्र सिंह बिसोरिया, दिनेश दिनकर, राजकुमार सोनी, हरिनारायण कक्का, भूपेंद्र केवट और सचिन प्रजापति सहित प्रेम बंधु शर्मा, विनीत गोयल, अशोक गांधी, उदित जादवानी और राजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।























