सिर पर पवित्र अस्थि कलश धारण कर स्वामी महाराज ने की स्तूप की परिक्रमा, बुद्धमय हुआ सांची का वातावरण

उपेंद्र गौतम, सांची (रायसेन)। विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल सांची में 74वें महाबोधि महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान गौतम बुद्ध के परम शिष्य अरहंत सारीपुत्र एवं महामौद्गल्यायन के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सांची पहुंचे। दोपहर में निकली भव्य शोभायात्रा महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही। इसमें महाबोधि सोसायटी के तपस्वी स्वामी महाराज ने अपने सिर पर पवित्र अस्थि कलश धारण कर मुख्य स्तूप की परिक्रमा की। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बने श्रद्धालुओं ने साधु-साधु के जयघोष के साथ वातावरण को बुद्धमय कर दिया।
कलश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें
रविवार सुबह से ही सांची में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया था। रेलवे स्टेशन से लेकर मुख्य स्तूप परिसर तक सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। चेतियागिरी विहार मंदिर के बाहर पवित्र अस्थि कलश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हर कोई भगवान बुद्ध के परम शिष्यों के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने को आतुर नजर आया। दोपहर 2 बजे चेतियागिरी विहार मंदिर से विधिवत शोभायात्रा प्रारंभ हुई। स्वामी महाराज द्वारा सिर पर अस्थि कलश धारण कर स्तूप की परिक्रमा करने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और आस्था का केंद्र रहा।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
इस वर्ष महाबोधि महोत्सव में पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिली। आयोजनों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक और बौद्ध अनुयायी सांची पहुंचे। अनुमान के अनुसार महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना जताई गई। वियतनाम, श्रीलंका और जापान सहित विभिन्न देशों से आए बौद्ध अनुयायियों की मौजूदगी ने महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को और भव्य बना दिया।
ये भी पढ़ें: सड़क पर बनी इस लकीर के दोनों तरफ रखा कदम, क्या सच में बदल जाता है मौसम?
छह ट्रेनों के अस्थायी ठहराव से मिली सुविधा
महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शासन द्वारा दो दिनों के लिए छह प्रमुख ट्रेनों का सांची रेलवे स्टेशन पर अस्थायी ठहराव निर्धारित किया गया था। इससे प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिली। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की आवाजाही बनी रही और सांची की ओर आने वाली सड़कों पर दिनभर भीड़ दिखाई दी।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के रहे व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रमुख मार्गों, मंदिर परिसर और स्तूप क्षेत्र में पुलिस जवान तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। वहीं पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रहे।
ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ पहुंचे अनिल कुंबले, वन अधिकारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से साझा किए सफलता के मंत्र




















