बालाघाट में BBA के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटका मिला शव

बालाघाट। आर्यंत भोपाल में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था और करीब एक सप्ताह पहले पढ़ाई छोड़कर बालाघाट स्थित अपने घर लौट आया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
दीनदयालपुरम कॉलोनी में सामने आया मामला
बालाघाट शहर की दीनदयालपुरम कॉलोनी में रविवार को आर्यंत बंसोड़ का शव उसके ही घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें: रीवा में रिटायर्ड तहसीलदार के घर तोड़फोड़, परिवार का आरोप- लोहे की रॉड से हमला किया, सिर तन से जुदा करने की धमकी
भोपाल में कर रहा था बीबीए की पढ़ाई
पुलिस के अनुसार, आर्यंत बंसोड़ पिता कैलाश बंसोड़ भोपाल में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था। करीब एक सप्ताह पहले वह पढ़ाई छोड़कर बालाघाट स्थित अपने घर लौट आया था और आगे नागपुर में रहकर पढ़ाई करना चाहता था।
बहन खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची
रविवार को आर्यंत घर के कमरे में था। इसी दौरान उसकी बहन उसे भोजन के लिए बुलाने पहुंची, लेकिन इसके बाद वह अपने काम में व्यस्त हो गई और फोन पर किसी दोस्त से बातचीत करने लगी। करीब आधे घंटे बाद जब वह दोबारा भाई को बुलाने कमरे में पहुंची तो उसे आर्यंत फंदे पर लटका मिला।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना देखकर बहन के होश उड़ गए और तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसआई यशवंत राहंगडाले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त
बताया जा रहा है कि आर्यंत की मां होमगार्ड में पदस्थ हैं और वर्तमान में कोतवाली थाने में तैनात हैं। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




















