Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी में सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी गति, मंत्री राकेश सिंह ने किया करोड़ों के विकासकार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सड़कें गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार से जोड़ने वाली विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गुणवत्तापूर्ण सड़क और पुल निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलती है और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।
सिवनी में सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी गति

सिवनी और बरघाट विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के सड़क और पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही। उन्होंने ग्रामीण सड़कों, जल संरक्षण, सड़क मरम्मत और लोकपथ ऐप के जरिए मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी।

सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सिवनी विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि सड़क बनने से अस्पताल तक पहुंच आसान होती है। बच्चे स्कूल-कॉलेज तक सुगमता से पहुंचते हैं और किसानों को अपनी उपज बाजार एवं मंडियों तक ले जाने में सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग का उद्देश्य केवल सड़क, पुल और भवन बनाना नहीं, बल्कि इनके माध्यम से लोक कल्याण सुनिश्चित करना है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिला अज्ञात युवक का शव, कटनी साउथ स्टेशन पर जीआरपी ने उतारा

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

मंत्री ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर गड्ढों की जियो-टैग्ड फोटो संबंधित इंजीनियर तक पहुंचाने और समयबद्ध सुधार की व्यवस्था भी की गई है।

सिवनी विधानसभा में इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण

सिवनी विधानसभा क्षेत्र में 7.98 करोड़ रुपए से भटमतरा-पांडीवाड़ा मार्ग पर बैनगंगा नदी में जलमग्नीय पुल, 2.17 करोड़ रुपए से भाटीवाड़ा-खैरी किशनपुर मार्ग, 2.47 करोड़ रुपए से हिनोतिया-पायली मार्ग और 1.32 करोड़ रुपए से लामटा-बकोड़ी मार्ग के मजबूतीकरण का भूमिपूजन किया गया। वहीं, 2.84 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भटमतरा-पांडीवाड़ा मार्ग का लोकार्पण किया गया। विधायक दिनेश राय ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए सरकार का आभार जताया।

बरघाट विधानसभा में 4.10 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बरघाट विधानसभा क्षेत्र में 4.10 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले दो सड़क मजबूतीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। मोहगांव-बडझिर-छीतापर मार्ग के 1.76 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण पर 1.48 करोड़ रुपए और पिण्डरई-जावरकांठी मार्ग के 3 किलोमीटर हिस्से पर 2.62 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

Breaking News

प्रस्तावित सड़कों के लिए प्राक्कलन तैयार कराने का आश्वासन

मंत्री ने विधायक कमल मर्सकोले द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावित सड़कों की सूची का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले मार्गों की स्थिति देखकर जरूरत के अनुसार प्राक्कलन तैयार किए जाएंगे। वन क्षेत्र की सड़कों के लिए वन विभाग से समन्वय कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

लोकपथ ऐप से दर्ज करा सकेंगे सड़क और गड्ढों की शिकायत

मंत्री ने बताया कि पांच करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली सड़क परियोजनाओं में मिट्टी निकालने वाले स्थानों पर लोक कल्याण सरोवर विकसित किए जा रहे हैं और प्रदेश में लगभग 700 तालाब बनाए जा चुके हैं। रिचार्ज बोर के माध्यम से वर्षा जल को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। लोकपथ ऐप के जरिए नागरिक खराब सड़क और गड्ढों की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा यात्रा के दौरान टोल नाके, अस्पताल, पुलिस थाने और पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में विधायक कमल मर्सकोले, जिला भाजपा अध्यक्ष मीना बिसेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts