Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बुजुर्गों के सम्मान में सीहोर पुलिस की पहल, दवा-पैथोलॉजी से किराना-रेस्टोरेंट तक छूट का तोहफा

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सीहोर पुलिस की सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत ने चार संस्थानों से एमओयू किया। पंचायत के सदस्यों को पैथोलॉजी जांच, दवाइयों, किराना और रेस्टोरेंट सेवाओं पर 5 से 30 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। 60 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिक निःशुल्क परिचय पत्र बनवा सकेंगे।
बुजुर्गों के सम्मान में सीहोर पुलिस की पहल, दवा-पैथोलॉजी से किराना-रेस्टोरेंट तक छूट का तोहफा
सीहोर पुलिस की सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत ने चार संस्थानों से एमओयू किया।

सीहोर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सीहोर पुलिस ने जिले के बुजुर्गों के लिए सेवा, सुरक्षा और सम्मान की दिशा में संवेदनशील पहल की है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में गठित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत से चार संस्थानों ने एमओयू किया है। इसके तहत पंचायत के सदस्य अपना परिचय पत्र दिखाकर विभिन्न सेवाओं और सामान पर विशेष छूट का लाभ उठा सकेंगे।

जांच से दवा तक बुजुर्गों का रखा जाएगा ख्याल

वैष्णवी पैथोलॉजी के संचालक प्रदीप अश्विनी मालवीय ने सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत के सदस्यों के लिए खून, पेशाब सहित अन्य पैथोलॉजी जांचों पर 30 प्रतिशत छूट देने की सहमति दी है। बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच को आसान बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दवाइयों पर भी मिलेगी राहत

सीहोर में हॉस्पिटल के सामने स्थित बालाजी केमिस्ट के संचालक गोविंद्र झंवर ने दवाइयों पर, जहां संभव हो, 10 प्रतिशत तक छूट देने के लिए एमओयू किया है। इससे नियमित दवाइयों की जरूरत वाले वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

Featured News

घर के जरूरी सामान पर भी विशेष छूट

पवार हाउस चौराहा स्थित जीसी मार्ट के संचालक गोपी किशन चांडक ने सीनियर सिटीजन पंचायत के सदस्यों को सभी किराना सामान पर 5 प्रतिशत छूट देने की सहमति दी है। रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े सामान पर यह सुविधा बुजुर्गों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

परिवार के साथ बाहर भोजन का भी बनेगा अवसर

भोपाल नाका स्थित राशा रेस्टोरेंट के संचालक प्रवीण तिवारी ने भी बुजुर्गों के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया है। एमओयू के तहत सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत के सदस्यों को रेस्टोरेंट के सभी आइटम पर 10 प्रतिशत छूट दी जाएगी।

ये भी पढ़ें: सीहोर में उम्र को मात दे रही योग की पाठशाला, 84 की उम्र में भी चरण सिंह की ऊर्जा युवाओं को दे रही संदेश

60 वर्ष से अधिक उम्र वालों के बनेंगे कार्ड

सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत का परिचय पत्र 60 वर्ष से अधिक आयु के महिला और पुरुष बनवा सकते हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निःशुल्क फार्म प्राप्त करना होगा। फार्म के साथ आधार कार्ड और आयु प्रमाण पत्र की प्रति जमा करने पर परिचय पत्र भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

हर बुधवार सुनी जाएंगी बुजुर्गों की समस्याएं

सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की प्रति बुधवार सुनवाई होती है। इसमें बुजुर्ग अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकते हैं, जिनके समाधान का प्रयास पुलिस पंचायत के माध्यम से किया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए एक भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें: रेहटी-बुधनी में एसपी सोनाक्षी का एक्शन मोड, कहा-अपराधियों पर शिकंजा कसो, पेंडिंग केस और वारंटों का करो त्वरित निपटारा

सेवा, सुरक्षा और सम्मान का संकल्प

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एसपी सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने कहा कि  बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि निरंतर सामाजिक दायित्व है। पुलिस पंचायत के माध्यम से जहां वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है, वहीं स्थानीय संस्थानों की भागीदारी से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में आर्थिक राहत देने की पहल भी की गई है। चार संस्थानों द्वारा स्वेच्छा से आगे आकर एमओयू करना इस प्रयास को सामाजिक सहयोग का रूप देता है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts