Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर : मेन रोड पर हाथठेलों को लेकर व्यापारियों का फूटा गुस्सा; जाम लगाकर किया प्रदर्शन, मारपीट के बाद बढ़ा विवाद

कार चालक से कथित मारपीट के बाद मेन रोड के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर जाम लगाकर हाथठेले हटाने की मांग की गई। पुलिस और नगरपालिका अध्यक्ष के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
सीहोर। कार चालक से मारपीट के बाद भड़के व्यापारी

सीहोर। शहर के सबसे व्यस्त मेन रोड पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक कार चालक के साथ कथित रूप से कुछ हाथठेले संचालकों द्वारा मारपीट किए जाने की घटना के बाद व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान बाजार क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस और नगरपालिका प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

मारपीट की घटना बनी आंदोलन की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेन रोड पर लंबे समय से अव्यवस्थित ढंग से खड़े हाथठेलों के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। रविवार को भी रास्ता बाधित होने को लेकर एक कार चालक और कुछ हाथठेले संचालकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

व्यापारियों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना था कि मेन रोड पर बड़ी संख्या में हाथठेले सड़क के किनारे ही नहीं बल्कि कई स्थानों पर सड़क के बीच तक खड़े कर दिए जाते हैं। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानों के सामने ग्राहकों के वाहन खड़े नहीं हो पाते, जिससे व्यापार प्रभावित होता है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कुछ हाथठेले संचालक अभद्रता और दबंगई पर उतर आते हैं, जिससे बाजार का माहौल लगातार बिगड़ रहा है।

Featured News

जाम से यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित

व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और हाथठेलों को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण बाजार क्षेत्र में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने का प्रयास किया।

पुलिस ने कहा- कार्रवाई नगरपालिका का विषय

हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नगरपालिका के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी नगरपालिका अभियान चलाएगी, पुलिस पूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराएगी और कार्रवाई में हर संभव सहयोग करेगी।

ये भी पढ़ें: मैहर : स्मार्ट बोर्ड पर बच्चों को दिखाई 'A' सर्टिफिकेट फिल्म धुरंधर, कलेक्टर बोलीं- होगी कार्रवाई

नगरपालिका अध्यक्ष ने दिया भरोसा

कुछ देर बाद नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर मेन रोड को अतिक्रमण और अव्यवस्थित हाथठेलों से मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाथठेले संचालकों के लिए बाजार क्षेत्र से बाहर उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्थित रूप से स्थान आवंटित किया जाएगा, ताकि उनका रोजगार भी सुरक्षित रहे और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

नगरपालिका अध्यक्ष के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने जाम समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से मेन रोड पर अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

ये भी पढ़ें: 'मैम! आपके बाल बहुत पसंद हैं'...  कैंसर पीड़ित मासूम की बात सुन कमिश्नर सविता प्रधान ने मुंडवाया सिर, कहा- सुंदरता बालों से नहीं, बल्कि आत्मबल से होती है

फिर चर्चा में आई अतिक्रमण की पुरानी समस्या

रविवार की घटना ने शहर के मुख्य बाजार में वर्षों से चली आ रही अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अब लोगों की नजर नगरपालिका प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है कि मेन रोड को व्यवस्थित बनाने के लिए कितना प्रभावी अभियान चलाया जाता है और व्यापारियों के साथ-साथ हाथठेला संचालकों के हितों के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाता है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts