मैहर :स्मार्ट बोर्ड पर बच्चों को दिखाई 'A' सर्टिफिकेट फिल्म धुरंधर, कलेक्टर बोलीं- होगी कार्रवाई

मैहर। जिले से शिक्षा व्यवस्था और अध्यापकों की गैर-जिम्मेदारी को उजागर करने वाला एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के अमरपाटन तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कठहा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों को क्लासरूम में लगी डिजिटल स्क्रीन पर एडल्ट ('A' सर्टिफिकेट) फिल्म 'धुरंधर' दिखाई जा रही थी। इस पूरी घटना का ग्रामीणों ने वीडियो बना लिया, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत
जानकारी के अनुसार, यह मामला 31 जुलाई का बताया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण निशांत तिवारी ने इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि मामले की जांच कर दोषी शिक्षकों और प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
शो के दौरान अतिथि शिक्षक भी रहे मौजूद
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं आराम से बैठकर स्क्रीन पर चल रही हिंदी फिल्म धुरंधर देख रहे हैं। गंभीर बात यह है कि जब क्लासरूम में यह फिल्म चल रही थी, तब वहां अतिथि शिक्षक हंसराज सिंह पटेल भी मौजूद थे। शिक्षक ने इसे रोकने या बंद कराने के बजाय छात्रों के साथ खुद भी फिल्म देखना जारी रखा।
ये भी पढ़ें: ऑफिस जाने वाले हो जाएं सावधान! साल में 3 हेल्थ चेकअप बचा सकते हैं, दिल और डायबिटीज की बीमारियाें का खतरा
'A' सर्टिफिकेट फिल्म देखने पर है कानूनी रोक
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड द्वारा फिल्म धुरंधर को केवल वयस्कों यानी 'अ' सर्टिफाइड श्रेणी में रखा गया है। भारतीय नियमों और सेंसर बोर्ड के दिशानिर्देशों के तहत 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों के लिए ऐसी फिल्में देखना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद एक जिम्मेदार शैक्षणिक संस्थान के भीतर नाबालिग और स्कूली बच्चों को खुलेआम यह फिल्म परोसी जा रही थी।
जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई करेंगे
मामले में क्लासरूम के भीतर 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी मौजूद थे। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बिदिशा मुखर्जी, कलेक्टर, मैहर
ये भी पढ़ें: भोपाल: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- अब अलग तरह का नशा बढ़ रहा: कहा- पहले हर गली-चौराहे पर पान-सिगरेट की दुकानें थीं
वीडियो की जांच करा रहे हैं
मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त एक्शन लिया जाएगा।
सलोनी शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, मैहर












