सीहोर में गैस पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही! खुले गड्ढों के कारण हादसों का खतरा

सीहोर। नगर के कई वार्डों में गैस पाइप लाइन डालने का कार्य तेजी से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी के ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से खुदाई की जा रही है। कई दिनों तक गड्ढों को खुला छोड़ दिया जाता है और उनके आसपास कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं लगाई जाती। ऐसे में दिन और रात दोनों समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सैकड़ाखेड़ी बायपास मार्ग बना खतरे का रास्ता
वर्तमान में सैकड़ाखेड़ी बायपास को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। यहां सड़क किनारे और पैदल मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए हैं। कई स्थानों पर पाइप भी बेतरतीब तरीके से पड़े हुए हैं। यह मार्ग शहर का व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह-शाम टहलने निकलने वाले नागरिकों को भी इन खुले गड्ढों के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, पानी से भरे गड्ढों में छिपा खतरा
बारिश के चलते ज्यादातर गड्ढों में पानी भर गया है। पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे किसी भी समय राहगीर, बाइक सवार या बच्चे दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगरपालिका को सूचना दिए बिना हो रही खुदाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई स्थानों पर खुदाई शुरू करने से पहले नगरपालिका को विधिवत सूचना तक नहीं दी जाती। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होता है और आसपास रहने वाले लोगों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका के नियमों का पालन नहीं होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीएमओ बोले-कई बार दे चुके हैं चेतावनी
नगरपालिका सीहोर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर सिंह ने बताया कि गैस पाइप लाइन कार्य के दौरान लापरवाही की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन को कई बार पत्र लिखकर सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी जा चुकी है। अगर इसके बावजूद नियमों की अवहेलना जारी रहती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार ने दिए जांच और कार्रवाई के संकेत
तहसीलदार अमित सिंह ने कहा कि अगर कंपनी द्वारा खुले गड्ढे छोड़ने और बिना बैरिकेडिंग के कार्य करने जैसी गंभीर लापरवाही की जा रही है तो यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस मामले में नगरपालिका को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हरदा जिला अस्पताल पहुंचे मंत्री विश्वास सारंग, ट्रॉमा सेंटर में गंदगी देखकर भड़के
जिम्मेदारों को निभानी होगी जवाबदेही
गैस पाइप लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना शहर के विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। खुले गड्ढे, बिना बैरिकेडिंग और लापरवाही से किया जा रहा निर्माण कार्य कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
Edited By: Rohit Sharma












