सीहोर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान:दूध-दही, घी, पनीर समेत 20 से ज्यादा खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल

सीहोर। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इन दिनों जिलेभर में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीम बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में दुकानों, डेयरियों, फैक्ट्रियों और दुग्ध वाहनों का औचक निरीक्षण कर कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।
भैरूंदा, आष्टा और जावर में हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान भैरूंदा स्थित साईं कृपा डेयरी से दही, मुरली ट्रेडर्स से पतंजलि शहद और नारियल कुकीज के नमूने लिए गए। वहीं आष्टा स्थित सुधम मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से मिक्स मिल्क का नमूना लिया। जावर के श्री राधा कृष्ण मिल्क प्वाइंट से पनीर, घी और न्यू सेंधव मिल्क सेंटर से मिक्स मिल्क के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए गए।
सीहोर शहर में डेयरियों और प्रतिष्ठानों की जांच
सीहोर शहर में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यू सुपर डेयरी से मिक्स मिल्क और दही के नमूने लिए। वहीं सरोज इंटरप्राइजेस से घी, पापड़, इडली इंस्टेंट पाउडर और ढोकला इंस्टेंट पाउडर के नमूने भी इकट्ठे किए गए। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
रेस्टोरेंट, किराना दुकानों और दुग्ध वाहन भी जांच के दायरे में
अभियान के दौरान नापलाखेड़ी चौराहा स्थित दरबार रेस्टोरेंट से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। भैरूंदा के पवन किराना स्टोर से चाय, अचार, कैंडी और राठौर किराना स्टोर से नमकीन, साबूदाना के नमूने लिए गए। इसके अलावा अमलहा क्षेत्र में एक दुग्ध वाहन को रोककर मिक्स मिल्क और काउ मिल्क के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए।
मावा और घी की भी होगी गुणवत्ता जांच
पचामा रोड स्थित सुधम मिल्क प्रोडक्ट्स से मिश्रित दूध, मावा और घी के नमूने भी लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और बढ़ती मांग के दौरान दुग्ध उत्पादों में मिलावट की संभावना को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार संग्रहित सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अगर किसी नमूने में निर्धारित मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारियों को दिए स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्देश
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने और सुरक्षित खाद्य सामग्री का विक्रय करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जिलेभर में इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन ई. पन्ना, भावना ठाकुर, दीपाली, अखिलेश गंगवाल और ज्योति बंसल द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
Edited By: Rohit Sharma












