रस्सी से बिजली तार झुकाकर कटर से काटते थे, मंडी पुलिस ने 4 शातिरों को गिरफ्तार कर 2.5 क्विंटल तार जब्त किए

सीहोर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली के तार चोरी की घटनाओं का थाना मंडी पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन के समय मोटरसाइकिल से गांवों में घूमकर बिजली लाइनों की रेकी करते थे और रात होते ही मौका देखकर बिजली के तार काटकर चोरी कर लेते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2.5 क्विंटल बिजली के तार सहित करीब 2.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
भटोनी-जताखेड़ा सहित कई गांवों में वारदात
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को थाना मंडी पुलिस को सीहोर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के तार चोरी होने की घटनाओं की सूचना मिली थी। भटोनी, जताखेड़ा, लालाखेड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में हुई वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थाना मंडी में अपराध दर्ज किया गया। मामले में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई।
घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए घेराबंदी की और चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तार चोरी करने की बात स्वीकार की।
मोटरसाइकिल से करते थे दिन में रेकी
पूछताछ में सामने आया कि मुकेश शाक्य, उत्तम शाक्य और रंजीत ठाकुर मोटरसाइकिल से अलग-अलग गांवों में जाते थे। दिन के समय वे बिजली लाइनों और आसपास के क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके बाद रात में सुनसान स्थान देखकर बिजली के तार चोरी करने की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी का तरीका भी पूछताछ में बताया।
आरी या कटर से काटते थे तार
आरोपी बिजली के खंभों से तार चोरी करने के लिए रस्सी का इस्तेमाल करते थे। रस्सी के सहारे बिजली के तार को नीचे की ओर झुकाने के बाद आरी या कटर से तार काट दिया जाता था। इसके बाद चोरी किए गए तारों को लेकर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। चोरी का माल बाद में कबाड़ी को बेच दिया जाता था।
ये भी पढ़ें: JPSC रद्द करने के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक, हेमंत सरकार को बड़ा झटका; नवनियुक्त अफसरों को राहत
चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार
पुलिस जांच में चोरी के तारों को कबाड़ी की दुकान पर बेचने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सलमान कुरैशी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2.5 क्विंटल बिजली के तार बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, रस्सा और कटर भी जब्त किया गया है।
2.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त
मंडी थाना प्रभारी अर्चना चौहान ने बताया कि मंडी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 2.5 क्विंटल बिजली के तार बरामद किए हैं। साथ ही एक मोटरसाइकिल, रस्सा और कटर जब्त किया गया है। जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने जिले में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
अन्य घटनाओं और आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित रूप से गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर बिजली तार चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
बिजली तार चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मंडी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले की विवेचना जारी है।
ये भी पढ़ें: लखनऊ में ट्रिपल मर्डर-सुसाइड से हड़कंप: बैंक के बाहर पत्नी की हत्या, 1 किमी दूर बहन को मारी गोली; फिर युवक ने दी जान





















