सीहोर : बारिश की कामना में महादेव की शरण पहुंचे श्रद्धालु, अखंड ज्योति जलाकर 24 घंटे तक गूंजे भजन-कीर्तन
सीहोर। शहर के जनता कॉलोनी वर्कशॉप रोड स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में अच्छी बारिश और जिले की खुशहाली की कामना को लेकर रविवार को भक्ति का अनूठा आयोजन हुआ। यहां 24 घंटे तक अखंड भजन-कीर्तन के साथ अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। महिला मंडल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किसानों की समृद्धि और समय पर वर्षा की प्रार्थना की।
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में मां शारदा भवानी महिला मंडल के तत्वावधान में 24 घंटे का अखंड भजन-कीर्तन आयोजित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिव भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ क्षेत्र में सुख, शांति और अच्छी वर्षा की कामना की।महिला मंडल की सदस्यों ने अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने कहा कि समय पर बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और खरीफ की फसल प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे समय में भगवान शिव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना ही सबसे बड़ा सहारा है। इस अवसर पर जसवंत सिंह दरबार, मंदिर के पुजारी सन्नी महाराज सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सनातन सेना के प्रदेश सचिव पवन केवट, संत फ्लाइट बाबा और सीताराम बाबा का सम्मान किया। अतिथियों ने धार्मिक आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का माध्यम बताया।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: महंगे बिजली बिल पर कांग्रेस का हमला, घर-घर पहुंचकर बांटे स्मार्ट मीटर हटाने के आवेदन
किसानों और जिले की खुशहाली के लिए प्रार्थना
आयोजकों ने कहा कि जिले में अब तक अपेक्षित वर्षा नहीं होने से खेतों में बोई गई खरीफ फसलें प्रभावित होने लगी हैं। बढ़ती गर्मी और बारिश की कमी से किसान चिंतित हैं। इसी कारण भगवान महादेव की आराधना कर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि और जिले की खुशहाली की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि भोलेनाथ की कृपा से जल्द ही अच्छी बारिश होगी और खेत फिर से हरियाली से भर उठेंगे।
कांग्रेस ने भोलेनाथ के चरणों में नाक रगड़ी, मांगी क्षमा
जिले में कम बारिश से किसानों की सूखती फसलों और जल संकट को देखते हुए कांग्रेस नेता पंकज शर्मा रविवार को प्राचीन मनकामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के चरणों में नाक रगड़कर, कान पकड़कर और दंडवत प्रणाम करते हुए क्षेत्रवासियों की ओर से क्षमा याचना की तथा अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। उन्होंने भगवान को एक प्रार्थना पत्र भी अर्पित किया, जिसमें कम वर्षा से किसानों, आमजन, पशु-पक्षियों और प्रकृति पर पड़ रहे संकट का उल्लेख किया गया। शर्मा ने समय पर अच्छी बारिश की कामना करते हुए सभी के कल्याण की प्रार्थना की।















