Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बाढ़ राहत, रिंग रोड और ओवरब्रिज की सर्विस रोड के मुद्दे सीएम के सामने रखेंगे कांग्रेसी

मुख्यमंत्री मोहन यादव के 4 सितंबर के सीहोर दौरे से पहले कांग्रेस ने बाढ़ पीड़ितों, किसानों, रिंग रोड, सर्विस रोड, अवैध खनन और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाकर समाधान की मांग की।
सीहोर। एक साल से शुरू होने के इंतजार में हाउसिंग बोर्ड रेलवे ओवर ब्रिज

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 4 सितंबर को प्रस्तावित सीहोर दौरे से पहले जिला कांग्रेस ने क्षेत्र की लंबित समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर की जनता केवल भाषण और कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं का ठोस और स्थायी समाधान चाहती है। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों की राहत राशि बढ़ाने, सोयाबीन फसल का सर्वे कराने, रिंग रोड और हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज की सर्विस रोड का काम पूरा कराने सहित कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे हैं।

बाढ़ पीड़ितों को ₹5 हजार की राहत पर सवाल

राजीव गुजराती ने हाल की अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित किसानों और गरीब परिवारों को दी गई ₹5 हजार की राहत राशि को अपर्याप्त बताया। उनका कहना है कि जिन परिवारों के घर और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है, उनके लिए इतनी राशि पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों के लिए विशेष और बड़ा राहत पैकेज देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना घर और जीवन व्यवस्थित कर सकें।

सोयाबीन फसल के तत्काल सर्वे की मांग

बारिश और मौसम की मार से प्रभावित सोयाबीन फसल को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार से तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों की फसल को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन होना चाहिए और सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को उचित राहत एवं मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्या को प्राथमिकता से लेने की मांग की। कांग्रेस ने नर्मदा नदी में कथित अवैध उत्खनन और रेत परिवहन का मुद्दा भी उठाया है। गुजराती ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसके साथ ही तहसील सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों का भी उन्होंने उल्लेख किया और मुख्यमंत्री से इन मामलों का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

ये भी पढ़ें: जबलपुर: बरगी डैम के 5 गेट खोले गए, 760 क्यूमेक पानी छोड़ा गया

रिंग रोड और सर्विस रोड पर सरकार से सवाल

सीहोर की यातायात व्यवस्था और अधूरे विकास कार्यों को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। रिंग रोड का काम पूरा नहीं होने तथा हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज की दूसरी सर्विस रोड लंबे समय से लंबित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने पूछा कि आखिर सर्विस रोड का निर्माण कब तक पूरा होगा और आम लोगों को राहत कब मिलेगी।

4 सितंबर को ट्रांसफॉर्मर इकाई का शुभारंभ करेंगे CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 सितंबर को सीहोर में सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई से पहले ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे। करीब 50 एकड़ में स्थापित यह परियोजना सीहोर के औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: MP में बनेंगे ‘श्रीकृष्ण तीर्थ’, जहां-जहां पड़े कान्हा के चरण; CM मोहन यादव का ऐलान

1200 केवी तक के ट्रांसफॉर्मर होंगे तैयार

इस विनिर्माण इकाई में 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक के पॉवर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। कंपनी के अनुसार यहां हर महीने करीब 35 ट्रांसफॉर्मर बनाने की क्षमता होगी। इनका उपयोग देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों में भी किया जाएगा। सीहोर में बनने वाले उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर का उपयोग बिजली क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा। इससे सीहोर की औद्योगिक पहचान को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। परियोजना से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ट्रांसफॉर्मर और विद्युत उपकरणों से जुड़े सहायक कारोबारों को भी बढ़ावा मिल सकता है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts