Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: सीवन नदी को साफ रखने की पहल, विसर्जन कुंड पर रखा पूजा सामग्री पात्र; नदी में जाने से रुकेगा कचरा

सीवन नदी की स्वच्छता के लिए सीवन पुत्र टीम ने टाउन हॉल स्थित विसर्जन कुंड पर पूजा सामग्री विसर्जन पात्र स्थापित किया। साबू परिवार ने इसे स्व. पवन साबू की स्मृति में रखा।
सीहोर: सीवन नदी को साफ रखने की पहल, विसर्जन कुंड पर रखा पूजा सामग्री पात्र; नदी में जाने से रुकेगा कचरा
जनभागीदारी से मजबूत हो रहा सीवन अभियान

सीहोर। आस्था के साथ प्रकृति और नदी संरक्षण का संदेश देने की दिशा में सीवन पुत्र टीम ने एक और पहल की है। टाउन हॉल स्थित विसर्जन कुंड पर सीवन पूजा सामग्री विसर्जन पात्र स्थापित किया गया। इसका उद्देश्य पूजा-पाठ के बाद निकलने वाली सामग्री को नदी में जाने से रोकना और सीवन नदी को स्वच्छ बनाए रखना है। यह पात्र समाजसेवी स्वर्गीय पवन साबू की स्मृति में साबू परिवार के सौजन्य से स्थापित किया गया है।

तीसरा विसर्जन पात्र स्थापित

सीवन नदी संरक्षण और स्वच्छता के लिए लगातार अभियान चला रही सीवन पुत्र टीम द्वारा स्थापित यह तीसरा पूजा सामग्री विसर्जन पात्र है। टीम का प्रयास है कि श्रद्धालु पूजा सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित पात्र में रखें, जिससे धार्मिक आस्था भी बनी रहे और नदी में कचरा भी न पहुंचे।

भारत माता के जयघोष से शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे, कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे और गीता मानस भवन के मुख्य पुजारी पंडित जतिन शर्मा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नदी स्वच्छता और संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

एडिशनल एसपी ने सराहा अभियान

एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने सीवन पुत्र टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीम लगातार नदी की स्वच्छता के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। कावड़ यात्रा के दौरान भी टीम द्वारा नदी स्वच्छता के लिए किया गया योगदान सराहनीय रहा है। थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने भी अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की बात कही।

आस्था के साथ नदी की रक्षा जरूरी

गीता मानस भवन के मुख्य पुजारी पंडित जतिन शर्मा ने कहा कि सीवन अभियान नदी की दशा और दिशा बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा सामग्री को नदियों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित विसर्जन पात्रों में ही रखें। इससे धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए नदी को प्रदूषण से बचाया जा सकता है।

देशभक्ति गीत और कृष्ण लीला ने बांधा समां

कार्यक्रम में सीवन पुत्र अशोक नामदेव और विभव राठौर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं रामेश्वर वर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सीवन पुत्र टीम के सदस्यों ने भी उनके साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में नदी संरक्षण के संदेश के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और जीवंत बना दिया।

6 महीने में 12 हजार से अधिक लोग जुड़े

सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा और कैलाश चव्हाण ने बताया कि सीवन अभियान को छह माह से अधिक समय हो चुका है। इस दौरान टीम ने 12 हजार से अधिक लोगों को सीवन नदी के नाम से पुत्र-पुत्री के रूप में जोड़ने का कार्य किया है। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए और सीवन के प्रमुख घाटों पर पूजा सामग्री विसर्जन पात्र स्थापित किए गए हैं।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

पूजा सामग्री को नदी में जाने से रोकने का प्रयास

टीम सदस्यों के अनुसार इन विसर्जन पात्रों के माध्यम से पूजा सामग्री को सीधे नदी में जाने से रोकने में मदद मिल रही है। अभियान का उद्देश्य केवल नदी की सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि लोगों में नदी को अपनी जिम्मेदारी और परिवार के सदस्य की तरह देखने की भावना विकसित करना भी है।

गीता मानस भवन में भी लगेगा पात्र

पंडित जतिन शर्मा ने गीता मानस भवन में भी इसी प्रकार का विसर्जन पात्र स्थापित करने का आग्रह किया था। इसके बाद सीवन पुत्र टीम के सदस्यों ने राशि एकत्रित कर पंडित शर्मा को सौंप दी है। टीम के अनुसार जल्द ही गीता मानस भवन में भी पूजा सामग्री विसर्जन पात्र स्थापित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: बाड़ी में ‘विकसित भारत 2047’ पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

जनभागीदारी से मजबूत हो रहा सीवन अभियान

कार्यक्रम में सीवन पुत्र टीम के विभव राठौर, मुकेश राय, कनीराम मालवीय, राधेश्याम मकवाना, प्रदीप साबू, कैलाश चव्हाण, सुरेश भगत, लक्ष्मण सिंह चौकसे, अशोक नामदेव, राहुल ठाकुर, संतोष बिसोरिया, सतीश सीता, मांगीलाल प्रजापति, धर्मेंद्र राठौर, संतोष मेवाड़ा, योगेंद्र राय, राजकुमार सोनी, अशोक खत्री, रवि माहेश्वरी, महेंद्र कौशल, प्रकाश यादव, जगदीश वर्मा, नितेश जायसवाल, उमेश चावड़ा सहित बड़ी संख्या में सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts