सीहोर में जन्मदिन पर नई मिसाल, 36 से अधिक बस्तियों में जरूरतमंद बच्चों को बांटी किताबें और शिक्षण सामग्री
सीहोर। जन्मदिन की खुशियां जब किसी जरूरतमंद बच्चे के भविष्य को संवारने का माध्यम बन जाएं, तो उत्सव की सार्थकता कई गुना बढ़ जाती है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती का जन्मदिन इस बार इसी सोच के साथ ‘सेवा और शिक्षा दिवस’ के रूप में मनाया गया। उनकी अपील पर कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने पारंपरिक फूल-मालाओं और गुलदस्तों के बजाय जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग करने का संकल्प लिया। पहल के तहत शहर की विभिन्न बस्तियों में बच्चों को कॉपियां, किताबें, पेंसिल सहित आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
गुलदस्ता मुरझाएगा, शिक्षा का उपहार भविष्य संवारेगा
जन्मदिन से पहले राजीव गुजराती ने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अपील की थी कि जन्मदिन पर दिए जाने वाले गुलदस्ते कुछ समय बाद मुरझा जाते हैं, लेकिन किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा के लिए किया गया सहयोग उसके पूरे भविष्य को संवार सकता है। उनकी इस अपील ने कार्यकर्ताओं को प्रभावित किया और उन्होंने जन्मदिन की खुशी को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का निर्णय लिया।
36 से अधिक स्थानों पर पहुंची मदद
जिला कांग्रेस अध्यक्ष की पहल को एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ाया। कार्यकर्ताओं ने ग्वालटोली, लुनिया चौराहा, बाल्मीकि मोहल्ला, इंदिरा नगर, गंज, मुरली, तहसील चौराहा, कस्बा, सिपाहीपुरा सहित करीब 36 से अधिक चिन्हित स्थानों और बस्तियों में पहुंचकर जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की। बच्चों को कॉपियां, किताबें, पेंसिल और अन्य जरूरी सामग्री मिली तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
जन्मदिन पर बधाई के साथ शिक्षा का उपहार
जिला कांग्रेस कार्यालय में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। जिलेभर से कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक राजीव गुजराती को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। कई कार्यकर्ताओं ने साफा बांधकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने फिजूलखर्ची से बचते हुए बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री उपहार के रूप में प्रदान की। इस सामग्री को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: गुना में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हजारों लोगों ने लिया हिस्सा
सेवा की पहल ने दी जन्मदिन को नई पहचान
इस अवसर पर केशव सरपंच सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, शहर के नवनिर्वाचित एवं वरिष्ठ पार्षद, एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राजीव गुजराती को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और सेवा से जुड़ी इस पहल की सराहना की।
बोले राजीव-हर बच्चे का भविष्य मजबूत करना हमारी जिम्मेदारी
राजीव गुजराती ने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस बात से अभिभूत हैं कि उनके साथियों ने उनकी मंशा का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े बच्चे के भविष्य को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना केवल मदद नहीं, बल्कि समाज के बेहतर भविष्य में निवेश है।
ये भी पढ़ें: गुना में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण
खुशियों को बांटने से बढ़ता है उत्सव का अर्थ
राजीव गुजराती के जन्मदिन पर हुई यह पहल इस संदेश के साथ सामने आई कि व्यक्तिगत खुशी को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जाए तो उसका असर कहीं अधिक व्यापक हो सकता है। फूलों के कुछ समय में मुरझाने के बजाय बच्चों की पढ़ाई के लिए दी गई सामग्री लंबे समय तक उनके सपनों को उड़ान देने में मदद कर सकती है। यही वजह रही कि इस बार जन्मदिन केवल बधाई और उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई बच्चों की मुस्कान और उनकी शिक्षा से जुड़ी उम्मीदों का अवसर बन गया।















