गुना में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी ने गुना के कैंट और बूढ़े बालाजी मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की भावना को जन-जन तक पहुंचाना बताया गया।
पुलिस लाइन से शुरू होकर ढोंगापूरा तक पहुंची यात्रा
कैंट मंडल की तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन चौराहा से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, कैंट क्षेत्र, गुलाबगंज रोड और विभिन्न कॉलोनियों से होती हुई ढोंगापूरा पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराए गए और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। समापन स्थल पर सभी उपस्थित लोगों ने भारत माता की आरती उतारी और मिठाई वितरित कर राष्ट्रीय पर्व का उत्साह साझा किया।
बूढ़े बालाजी मंडल ने निकाली बाइक तिरंगा रैली
बूढ़े बालाजी मंडल द्वारा दोपहिया वाहनों के साथ अलग से बाइक तिरंगा रैली निकाली गई। बाइक रैली के माध्यम से लोगों को अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: भोपाल: नर्सिंग छात्रों का उग्र प्रदर्शन, बिल्डिंग पर चढ़े तीन छात्र; रिजल्ट और परीक्षा कराने की मांग
जिलाध्यक्ष सिकरवार बोले- हर घर तिरंगा राष्ट्रीय एकता का अभियान
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, विधायक पन्नालाल शाक्य और नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर इस राष्ट्रीय अभियान में शामिल होने तथा प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाने की अपील की।
स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान का संदेश
जिला महामंत्री अनंत ने कहा कि यह अभियान देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने और युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने का माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से तिरंगा यात्रा में भाग लेने और इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें: बारिश में चिता बुझने लगी तो तिरपाल लेकर खड़े हो गए लोग, महाराष्ट्र के इस आदिवासी गांव में नहीं है श्मशान
बड़ी संख्या में रहे जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरि सिंह यादव, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, गजेंद्र सिकरवार, अशोक शर्मा, धरम सोनी, रविंद्र रघुवंशी, चंद्र प्रकाश अहिरवार, अरुण चतुर्वेदी, गिरिराज भार्गव, नीरज निगम, विकास जैन, मोहित नामदेव, वीरेंद्र धाकड़, कैलाश धाकड़, शील वर्मा, सुनील सोनी, राजू ओझा, रजनी ओझा, ज्योति सेन, संगीता आर्य, वर्षा शर्मा, राजेश साहू, नरेंद्र बड़कुल, भानु तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।












