सीहोर : 88 लाख की लागत से बढ़ियाखेड़ी में सीसी रोड निर्माण शुरू, वर्षों पुरानी परेशानी खत्म होगी

सीहोर। शहर के बढ़ियाखेड़ी क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जिस सड़क निर्माण का इंतजार था, वह अब पूरा होने जा रहा है। बुधवार को 88 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड का मशीन पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया गया। पार्टी मोहल्ला से खेड़ापति मंदिर तक बनने वाली इस सड़क से न केवल स्थानीय रहवासियों बल्कि स्कूली बच्चों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सीवरेज कार्य पूरा होने के बाद शुरू हुआ सड़क निर्माण
बढ़ियाखेड़ी में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से सीवरेज कार्य के कारण अधूरी पड़ी थी, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सीवरेज का काम पूरा होने के बाद सीसी रोड निर्माण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहित के प्रोजेक्ट पूरे कर रही है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
ये भी पढ़ें: सीहोर : आष्टा में खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप, लिफ्ट लेकर बैठे व्यक्ति की मौत, ड्राइवर गंभीर घायल
बरसात में कीचड़ और जलभराव से मिलेगी राहत
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि बढ़ियाखेड़ी की यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में थी। विशेष रूप से बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता था। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जनप्रतिनिधियों और रहवासियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
सीसी रोड निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन शास्त्री, वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद प्रतिनिधि राहुल राय, पार्षद राजेश मजीरिया, मुकेश मेवाड़ा, भजन परमार, कमलेश राठौर, नरेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होगा, जिससे बढ़ियाखेड़ी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।












