हापुड़ में पानी समझकर तेजाब पीने का मामला:पुलिस ने दर्ज की FIR, युवती का मेरठ के अस्पताल में चल रहा इलाज

हापुड़। घटना के बाद युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोतल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्रांडेड पानी की बोतल का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि सीलबंद बोतल में अम्लीय पदार्थ कैसे पहुंचा।
पानी समझकर पीया, अचानक बिगड़ गई तबीयत
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पहले एक युवती सामान खरीदने के लिए ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची थी। उसने पीने के लिए पानी मांगा, जिस पर पास की परचून की दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल मंगवाई गई। युवती ने जैसे ही बोतल से एक घूंट पिया, उसे तेज उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत गंभीर हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी घटना ज्वैलर्स की दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। युवती की हालत बिगड़ने के बाद उसे तुरंत मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल का सैंपल लेकर लैब भेजा गया है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर सीलबंद बोतल के अंदर तेजाब या कोई अन्य अम्लीय पदार्थ कैसे पहुंचा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Health Alert : क्या सिर्फ Omega-3 सप्लीमेंट लेने से दिमाग तेज होता है? नई स्टडी ने खोली हकीकत
दुकानदार और सर्राफ के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दुकानदार और सर्राफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोतल को अपने कब्जे में लेकर खाद्य एवं ड्रग विभाग से भी संपर्क किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












