अब 30 मिनट में मिलेगा LPG सिलेंडर!इंस्टामार्ट की HPCL के साथ देश की पहली क्विक डिलीवरी पार्टनरशिप

इंस्टामार्ट ने HPCL के साथ मिलकर देश की पहली क्विक डिलीवरी पार्टनरशिप की है जिससे ग्राहकों को अब LPG सिलेंडर सिर्फ 30 मिनट में मिल सकेगा।
इंस्टामार्ट की HPCL के साथ देश की पहली क्विक डिलीवरी पार्टनरशिप
AI Generated Image

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart ने घरेलू गैस सिलेंडर की तेज डिलीवरी के लिए HPCL के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत अब ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप के जरिए 30 से 45 मिनट में LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है। यह भारत में पहली बार है जब किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने LPG सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी के लिए तेल कंपनी के साथ साझेदारी की है। कंपनी का कहना है कि बदलती जीवनशैली और ग्राहकों की तत्काल जरूरतों को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। आने वाले समय में इसे अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जा सकता है।

कौन-कौन से सिलेंडर होंगे उपलब्ध?

ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप के जरिए HPCL के दो प्रकार के LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे-

  • 10 किलोग्राम का HP Navya Composite LPG Cylinder
  • 5 किलोग्राम का पारंपरिक मेटल LPG सिलेंडर

HP Navya कंपोजिट सिलेंडर हल्का, जंगरोधी और आधुनिक डिजाइन वाला है जबकि 5 किलो का सिलेंडर छोटे परिवारों, किराएदारों और अस्थायी जरूरतों के लिए उपयोगी माना जाता है।

बिना घरेलू गैस कनेक्शन के भी कर सकेंगे ऑर्डर

इस सेवा की खास बात यह है कि ग्राहकों को पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। नए शहर में रहने वाले, स्टूडेंट्स, किराएदार या तुरंत गैस की जरूरत वाले लोग भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

ऐसे होगी पहली बुकिंग और रिफिल

  • पहली बार ऑर्डर करने पर इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा।
  • ग्राहक का पहचान सत्यापन (KYC) किया जाएगा।
  • डिलीवरी के समय आवश्यक दस्तावेज लिए जाएंगे।
  • दोबारा रिफिल बुक करने पर ग्राहक को डिलीवरी के समय अपना खाली HPCL सिलेंडर वापस देना होगा। इसके बाद नया भरा हुआ सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

सिलेंडर HPCL का, इंस्टामार्ट सिर्फ डिलीवरी प्लेटफॉर्म

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इंस्टामार्ट केवल ऑर्डर और डिलीवरी का डिजिटल प्लेटफॉर्म है। गैस, सिलेंडर और उसकी गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी HPCL की होगी।

ये भी पढ़ें: Amazon Now: अमेजन की एंट्री से क्विक कॉमर्स में हलचल, जोमैटो-स्विगी के शेयर 3% तक गिरे

कीमत और डिलीवरी चार्ज

फिलहाल दोनों कंपनियों ने सिलेंडर की अंतिम कीमत या डिलीवरी शुल्क की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। सिलेंडर की कीमत HPCL की निर्धारित दरों के अनुसार होगी जबकि इंस्टामार्ट ऐप पर अतिरिक्त डिलीवरी या सुविधा शुल्क अलग से दिखाई दे सकता है।

HPCL ने क्या कहा?

HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग ने कहा कि ग्राहकों की जरूरतें तेजी से बदल रही हैं और अब लोग जरूरी सेवाएं भी तुरंत चाहते हैं। इंस्टामार्ट के साथ यह साझेदारी LPG की पहुंच को अधिक आसान, तेज और डिजिटल बनाएगी जबकि सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Swiggy Instamart पर FSSAI का एक्शन! शिकायतों के बाद 9 कारण बताओ नोटिस जारी

इंस्टामार्ट के लिए भी बड़ा विस्तार

Swiggy Instamart फिलहाल देश के 131 से अधिक शहरों में 50,000 से ज्यादा उत्पादों की डिलीवरी कर रहा है। LPG डिलीवरी शुरू होने के साथ कंपनी अब ग्रॉसरी से आगे बढ़कर रोजमर्रा की जरूरी घरेलू सेवाओं के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts