सांवेर में जर्जर इमारत की दीवार ढही, तीन महिला श्रमिकों की मौत; चार गंभीर घायल

सांवेर। नगर के टेंशन चौराहे पर बुधवार को जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इमारत की एक दीवार अचानक भरभराकर वहां काम कर रही महिला श्रमिकों के ऊपर जा गिरी। हादसे में कई श्रमिक मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर परिषद और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासनिक अमले ने मलबा हटाकर उसमें फंसे श्रमिकों को बाहर निकाला।
तीन महिला श्रमिकों की मौत
हादसे में तीन महिला श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुशीला पत्नी रमेश (50), रीना पत्नी लाखन (30) और सीमा पत्नी भेरूलाल (30) के रूप में हुई है। तीनों ही सांवेर की रहने वाली थीं। वहीं हादसे में चार महिला श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की पहचान चंदा पत्नी राहुल (25), संतोष पत्नी मनोज (25), सुंदरबाई पत्नी मायाराम (55) और मंजू पत्नी सुनील (30) के रूप में हुई है।
जर्जर इमारत तोड़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, टेंशन चौराहे के पास जर्जर इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत की एक दीवार अचानक गिर गई और वहां काम कर रहे श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। दीवार गिरने के बाद श्रमिक मलबे में दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। इसके बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया और श्रमिकों को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें: झीरम घाटी कांड में बड़ा फैसला,10 दोषियों को मृत्युदंड, 13 साल बाद NIA कोर्ट का सख्त फैसला
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की जांच के बाद हादसे की वजह और निर्माण तोड़ने के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



















