Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सावन का छठा सोमवार : महाकाल मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़, अलौकिक भस्म आरती में शामिल हुए श्रद्धालु; सवारी में शामिल होंगे पीसीसी चीफ कमलनाथ

Follow on Google News
सावन का छठा सोमवार : महाकाल मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़, अलौकिक भस्म आरती में शामिल हुए श्रद्धालु; सवारी में शामिल होंगे पीसीसी चीफ कमलनाथ
उज्जैन। श्रावण माह का आज छठा सोमवार है। सावन के प्रत्येक सोमवार पर भगवान शिव की पूजा का खास महत्व है। ऐसे में सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए देर रात से श्रद्धालु कतार में लगे हुए थे। तड़के 2.30 बजे महाकाल मंदिर के पट खोले गए और 3 बजे अलौकिक भस्मारती हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय माह है सावन

श्रावण मास भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय माह माना गया है। मान्यता है की, श्रावण माह में शिव की आराधना करने से सभी कष्टों से तुरंत मुक्ति मिलती है। इसी के चलते बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब नजर आता है। श्रावण के छठे सोमवार के दिन आज महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती की गई। रात 2:30 मंदिर के पट खुलने के बाद बाबा महाकाल को जल से स्नान कराकर दूध, दही, घी, शहद व फलों के रस से पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद भांग, चंदन और सूखे मेवे से भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार कर भगवान को वस्त्र धारण कराए गए। जिसके बाद बाबा को भस्म रमाई गई।

निकाली जाएगी महाकाल की सवारी

भस्मीभूत होने के बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े के शंखनाद के साथ बाबा की भस्मार्ती की गई। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर दर्शन लाभ लिये। भक्त आज के दिन का विशेष इंतजार करते हैं। इसलिए आज महाकाल के दरबार में सुबह से ही उत्साह और आनंद का माहौल है। वहीं श्रावण-भादो मास के सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी निकाले जाने की भी परंपरा है। इसी के चलते आज शाम को 4 बजे भगवान महाकाल की सवारी निकाली जाएगी। मान्यता है की, बाबा महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए सवारी के रूप में नगर भ्रमण पर निकलते हैं। सवारी में पीसीसी चीफ कमलनाथ भी शामिल होंगे।

श्रावण मास 2023 कब शुरू हुआ?

पंचांग के अनुसार, इस साल सावन का महीना 4 जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा। इस साल श्रावण मास 59 दिनों का होगा। वहीं सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई को पड़ेगा। पंचांग के अनुसार, 19 साल बाद ऐसा संयोग बना है कि सावन सोमवार के 8 व्रत रखे जाएंगे। इसका कारण है सावन माह में लगने वाला अधिक मास। श्रावण मास में सावन सोमवार के 4 और सावन अधिक मास के 4 सोमवार व्रत होंगे। सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई और आखिरी सोमवार 28 अगस्त को पड़ेगा। इस बार सावन 59 दिनों का रहेगा।

सावन सोमवार की तिथियां

  • 10 जुलाई : सावन का पहला सोमवार
  • 17 जुलाई : सावन का दूसरा सोमवार
  • 24 जुलाई : सावन का तीसरा सोमवार
  • 31 जुलाई : सावन का चौथा सोमवार
  • 07 अगस्त : सावन का पांचवा सोमवार
  • 14 अगस्त : सावन का छठा सोमवार
  • 21 अगस्त : सावन का सातवां सोमवार
  • 28 अगस्त : सावन का आठवां सोमवार
https://twitter.com/psamachar1/status/1690917869230465024?t=kPgE3u7DIcXKJcoLWyNpdQ&s=08 (इनपुट – संदीप पांडला) ये भी पढ़ें- VIDEO : सावन के 5वें सोमवार होलकर मुखारविंद रूप में दर्शन देने निकले बाबा महाकाल, प्रजा ने किया राजा का स्वागत
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts