PlayBreaking News

सोहागपुर:स्टेट हाईवे पर बढ़ा ‘टाइगर टेरर’, 48 घंटे में तीन बार हमले की कोशिश; रात का सफर बना चुनौती

पचमढ़ी-पिपरिया स्टेट हाईवे पर बाघों की बढ़ती गतिविधियों से दहशत का माहौल है। 48 घंटे में तीन बार वाहन सवारों पर झपटने की कोशिश की गई। वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
Follow on Google News
स्टेट हाईवे पर बढ़ा ‘टाइगर टेरर’, 48 घंटे में तीन बार हमले की कोशिश; रात का सफर बना चुनौती

पचमढ़ी-पिपरिया स्टेट हाईवे पर इन दिनों बाघों की बढ़ती गतिविधियों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। झिरिया नाका और आसपास के इलाकों में पिछले 48 घंटे के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में बाघों द्वारा वाहन सवारों पर झपटने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद रात के समय इस मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए जोखिम भरा माना जा रहा है।

बाइक सवार दंपति और कार सवारों पर झपटने की कोशिश

जानकारी के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात झिरिया नाका से करीब 200 मीटर आगे सड़क किनारे छिपे दो बाघ अचानक सक्रिय हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले एक बाइक सवार दंपति के सामने बाघ आ गए और उन पर झपटने की कोशिश की। हालांकि बाइक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सुरक्षित निकल गया। कुछ देर बाद इसी स्थान पर गुजर रही एक कार के सामने भी बाघ दिखाई दिए। कार चालक ने स्थिति को भांपते हुए वाहन की गति बढ़ाई और वहां से निकल गया।

कार पर पंजा मारने का दावा

पिपरिया निवासी सुजीत पटवा ने दावा किया कि झिरिया डेम मार्ग के पास सड़क पर एक बाघ दिखाई दिया। जैसे ही उन्होंने वाहन की गति धीमी की, तभी दूसरा बाघ अचानक कार की ओर बढ़ा और पंजा मारने की कोशिश की। सुजीत के मुताबिक घटना के बाद दोनों बाघ कुछ दूरी तक उनकी कार के पीछे भी दौड़े। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल झिरिया नाका पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों को दी।

दो दिन पहले भी सामने आई थी ऐसी ही घटना

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। करीब दो दिन पहले भी बफर सफारी गेट के पास एक बाइक सवार पर बाघ ने झपटने की कोशिश की थी। हालांकि वह किसी तरह सुरक्षित निकल गया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर रात के समय इस मार्ग का उपयोग करने वाले लोग अब अधिक सतर्कता बरत रहे हैं।

हाईवे के आसपास घूम रहे हैं छह बाघ

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के आसपास इन दिनों बाघों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हुई हैं। वन विभाग और स्थानीय लोगों के अनुसार झिरिया क्षेत्र में दो नर बाघ सक्रिय हैं, जबकि मटकुली क्षेत्र में एक बाघिन अपने तीन वयस्क शावकों के साथ देखी जा रही है। इन बाघों के सड़क किनारे घूमने और सड़क पार करने के कई वीडियो भी हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इससे साफ है कि वन्यजीवों की मौजूदगी अब केवल जंगल तक सीमित नहीं रह गई है।

शादी की बुकिंग के लिए गए युवकों ने भी देखा बाघ

सोहागपुर निवासी अनंत तिवारी और वेदान्त सोनी ने बताया कि वे शादी के लिए रिजॉर्ट बुक करने पचमढ़ी गए थे। इस दौरान झिरिया और मटकुली के बीच उन्होंने सड़क पार करते हुए बाघों को देखा। दोनों का कहना है कि हाईवे पर बाघों की मौजूदगी ने उन्हें भी हैरान कर दिया।

ये भी पढ़ें: Maharashtra News: रत्नागिरी में बड़ा हादसा, 5 युवक समुद्र में डूबे; लापता पर्यटक की तलाश जारी

वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने विशेष रूप से देर शाम और रात के समय दोपहिया वाहन से अकेले सफर नहीं करने की हिदायत दी है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल सलाह जारी करना पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नजर नहीं आ रही है।

ग्रामीणों में बढ़ी दहशत

झिरिया और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों का कहना है कि बाघ और अन्य वन्यजीव अब आबादी वाले क्षेत्रों के अधिक करीब पहुंच रहे हैं। कई स्थानों पर मवेशियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ग्रामीणों के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों में भी डर का माहौल है।

ये भी पढ़ें: शादी से इनकार: फिर पिता ने जिंदा बेटी का कर दिया अंतिम संस्कार, जानिए पूरा मामला

सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे सवाल

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद बड़ा सवाल यह है कि जब स्टेट हाईवे पर बाघों की मौजूदगी और हमले की कोशिश जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, तब क्या केवल चेतावनी जारी करना पर्याप्त है? स्थानीय लोगों का मानना है कि वन विभाग को संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, चेतावनी संकेत लगाने और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की जरूरत है ताकि राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts