सतना में महिला पर चाकू से हमला, शादी से इनकार पर धमकी देने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

सतना कलेक्ट्रेट के सामने धवारी तिराहे पर गुरुवार सुबह 32 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महिला अपने काम पर जाने के लिए स्कूटी से जा रही थी, तभी सागर से आए युवक ने उसका पीछा कर बीच सड़क उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला की कमर के ऊपरी हिस्से में चाकू से वार किया। हमले के बाद महिला सड़क पर गिर गई और आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की।
शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक उसके पति की वर्ष 2020 में बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। वह अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहकर एक निजी होटल में काम करती है। महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में सागर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान उसकी पहचान सूरज जाटव (34) से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए बातचीत होने लगी। महिला का आरोप है कि बाद में सूरज उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा।पीड़िता के अनुसार शादी से इनकार करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी देता था। गुरुवार सुबह जब वह स्कूटी से काम पर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसका पीछा किया और धवारी तिराहे के पास उस पर चाकू से हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: बाड़ी में ‘विकसित भारत 2047’ पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
वारदात के बाद सागर भाग रहा था आरोपी
हमले के बाद आरोपी एक्टिवा से सागर की ओर भागने की कोशिश में था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सूरज जाटव के रूप में की। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: सीवन नदी को साफ रखने की पहल, विसर्जन कुंड पर रखा पूजा सामग्री पात्र; नदी में जाने से रुकेगा कचरा
एक्टिवा जब्त, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी जब्त कर ली है। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और दोनों के बीच पहले से चल रहे विवाद समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।




















