रीवा में संतान के लिए ढाई साल की मासूम का अपहरण, पुलिस ने सीधी से सकुशल बरामद किया

रीवा। आरोपियों ने बच्ची को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और बोरी में भरकर सीधी जिले में छिपा दिया। वारदात के बाद सहायिका परिजनों के साथ बच्ची को ढूंढने का नाटक भी करती रही। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से महज 8 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
संतान की चाहत में रची अपहरण की साजिश
जांच में सामने आया कि आंगनबाड़ी केंद्र के पास रहने वाली रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी की कोई संतान नहीं थी। संतान की चाहत में उसने आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा (20) के साथ मिलकर ढाई साल की बच्ची के अपहरण की साजिश रची।
ये भी पढ़ें: निकाह से 4 दिन पहले MD तस्करी में फंसा दूल्हा! इंदौर में 6 ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 64 ग्राम नशा बरामद
केंद्र पहुंची बच्ची को सहेली के हवाले किया
बुधवार को जब बच्ची अपने भाई के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची, तो रिया वर्मा ने उसे रीनू वर्मा के हवाले कर दिया। इसके बाद रीनू ने बच्ची को बेहोश किया और उसे बोरी में पैक कर दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे।
बोरी में भरकर सीधी जिले ले गई भाभी
रीनू ने बच्ची को बोरी में पैक करने के बाद अपनी भाभी केशकली कोल को सौंप दिया। केशकली बच्ची को अपने मायके सीधी जिले के धनहा ले गई, जहां उसे छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आधी रात को सीधी से बच्ची को सुरक्षित मुक्त कराया।
50 से ज्यादा CCTV से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र में जाती दिखाई दी, लेकिन बाहर निकलते नहीं दिखी। इसके बाद पुलिस ने सहायिका से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने सहेली के साथ मिलकर अपहरण करना स्वीकार कर लिया।
ये भी पढ़ें: एक बार निवेश और जिंदगीभर ₹25 हजार पेंशन? LIC की इस स्कीम का क्या है पूरा फॉर्मूला
चार आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सकुशल बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिया वर्मा, रीनू वर्मा, केशकली कोल और रविशंकर मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि ढाई साल की मासूम बच्ची को सीधी से सकुशल बरामद कर लिया गया। नगर पुलिस अधीक्षक रीवा राजीव पाठक ने मामले की जानकारी दी।




















