संत नागर जी को धमकी भरे पत्र का मामला, सर्व समाज ने CM के नाम सौंपा ज्ञापन; वैधानिक कार्रवाई की मांग
सिवनी मालवा। संत श्री पं. कमल किशोर नागर जी को धमकी भरा पत्र मिलने के मामले में सर्व समाज और संत श्री नागर जी गो भक्त मंडल ने नाराजगी जताई है। मामले में वैधानिक कार्रवाई और संत की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम विजय राय और थाना प्रभारी नवीन पांडे को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि 4 सितंबर 2026 को श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला, भूराडाबरा, जिला झाबुआ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रात्रिकालीन सत्संग और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान श्रद्धालुओं की ओर से भेंट के रूप में दी गई सामग्री, जिसमें शॉल, श्रीफल, फल सहित अन्य सामान था, के बीच एक धमकी भरा पत्र मिला।
धमकी भरे पत्र को लेकर जताई चिंता
सर्व समाज की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्र की भाषा और विषयवस्तु प्रथम दृष्टया गंभीर एवं चिंताजनक है। ज्ञापन के मुताबिक संत श्री कमल किशोर नागर धर्मांतरण और गौ तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ जनजागरण के साथ गौ रक्षा, गौ संवर्धन तथा सामाजिक और धार्मिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम करते रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि संत समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। ऐसे में संत श्री नागर जी की सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग
सर्व समाज ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में मांग की कि धमकी भरे पत्र को शिकायत के रूप में गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाए। पत्र किसने भेजा और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। ज्ञापन में संबंधित व्यक्ति या दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में 90 हजार की रिश्वत लेते दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अरेस्ट, कनिष्ठ सहायक भी आरोपी
संत की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में संत श्री नागर जी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े स्थानों और आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था का भी आकलन करने की मांग की गई। सर्व समाज ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित थानों, आयोजकों और अन्य आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए। साथ ही शिकायत पर हुई जांच और कार्रवाई की स्थिति से आवेदकों को नियमानुसार अवगत कराने की मांग भी रखी गई।
ये भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री कराने की मांग तेज, संत समाज ढोल-मंजीरों के साथ पहुंचा फिल्म देखने
पूर्व विधायक समेत कई लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक ओम रघुवंशी, यशवंत पटेल, संतोष पारीक, नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, बालकृष्ण शर्मा, गोलू रघुवंशी, शैलेन्द्र गौर, अनिल रघुवंशी, ईश्वर जमींदार, राजेश रघुवंशी और अभिनव रघुवंशी सहित संत श्री नागर जी गो भक्त मंडल बानापुरा-सिवनी मालवा के सदस्य शामिल रहे। सर्व समाज ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच पूरी करने और संत की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।






















