अनूपपुर में 24 घंटे में सर्पदंश की 3 घटनाएं: एक ही कमरे में सो रहे जीजा-साली को करैत ने डसा, 12 साल की बच्ची की हालत नाजुक

अनूपपुर। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सर्पदंश की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में चार लोग जहरीले सांपों के डसने से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सबसे गंभीर मामला अनूपपुर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 स्थित उंजीर बगीचा का है, जहां एक ही कमरे में सो रहे जीजा-साली को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। इस घटना में 12 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रात में सोते समय करैत ने डसा
जानकारी के मुताबिक, ग्राम खन्नौद निवासी चेतन कोल (20) हरतालिका तीज के मौके पर अपनी ससुराल आया था। वह अपनी 12 वर्षीय नाबालिग साली भारती कोल की देखभाल के लिए उसे अपने साथ रखता है। तीज की पूजा के बाद परिवार के लोग कमरे में सो गए। रात करीब 3:30 बजे चेतन को कमर के पास तेज दंश महसूस हुआ। टटोलने पर पास में करैत सांप दिखाई दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बच्ची को एंटी-वेनम की दो खुराक दी गईं
परिजनों ने सांप को मार दिया। इसी दौरान पास में सो रही भारती बेसुध मिली। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे एंटी-वेनम की दो खुराक दीं। चिकित्सकों के मुताबिक, बच्ची के शरीर में जहर का असर ज्यादा होने के कारण उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
सर्पदंश की दो अन्य घटनाएं भी सामने आईं
जिले में इसी दौरान सर्पदंश की दो अन्य घटनाएं भी हुईं।
- चचाई निवासी वीर सिंह (20) घर के पास पूजा के लिए बेलपत्र तोड़ने गया था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे डस लिया।
- तिपानखोली निवासी तारावती बैगा (32) कच्चे मकान की दीवार पर टंगे एक थैले से पैसे निकाल रही थीं। इसी दौरान थैले में मौजूद नाग ने उन्हें डस लिया।
घटना की सूचना मिलने पर सर्पप्रहरी शशिधर अग्रवाल मौके पर पहुंचे और नाग का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया। फिलहाल सर्पदंश के सभी पीड़ितों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।




















