मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा, राहगीर को बचाने में खाई में पलटा खाद से लदा ट्रैक्टर; किशोर की मौत

मैहर। नादन थाना क्षेत्र के जरमोहरा स्थित खरवाही पुल पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाद से लदा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
राहगीर को बचाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भटगंवा निवासी आनंद केवट और उमेश दाहिया ट्रैक्टर में खाद लेकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जरमोहरा के खरवाही पुल के पास अचानक एक राहगीर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जाकर पलट गया।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे से निकाला
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल उंचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उमेश दाहिया (17) को मृत घोषित कर दिया। वहीं आनंद केवट को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




















