सागर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस से मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

सागर। बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए रवि लखेरा ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
बरायठा के जंगल में पुलिस से हुआ आमना-सामना
पुलिस के मुताबिक, जहरीली शराब कांड के बाद से रवि लखेरा फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बीती रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि रवि बरायठा क्षेत्र के जंगल में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान रवि लखेरा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से रवि घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गिरफ्तारी पर घोषित था 20 हजार रुपए का इनाम
पुलिस ने रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद पुलिस ने अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान रवि लखेरा, मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और शिवान्जय ठाकुर के नाम प्रमुख रूप से सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने रवि लखेरा और मनीष लोधी की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पहले भी नकली शराब के मामले में सामने आया था नाम
रवि लखेरा का नाम पहले भी नकली शराब से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उस समय ललितपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की थी। जांच में सामने आया था कि गिरोह का संबंध मध्यप्रदेश में अवैध शराब की सप्लाई से भी था और रवि लखेरा का नाम इस नेटवर्क से जोड़ा गया था। अब बंडा जहरीली शराब कांड में मुख्य आरोपित बताए जा रहे रवि लखेरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अवैध शराब के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ा रही है।



















