मॉस्को पर 450 ड्रोन, जवाब में मिसाइल अटैक, रूस-यूक्रेन युद्ध में फिर बढ़ा तनाव, देखें खौफनाक VIDEO

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग एक बार फिर तेज होती दिख रही है। पहले मॉस्को पर सैकड़ों ड्रोन पहुंचे और अब रूस ने यूक्रेन के ड्नीप्रो शहर पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया। हमले के बाद शहर में आग और धुएं के गुबार दिखाई दिए। दोनों देशों के हमलों में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर है।
मॉस्को पर अब तक का बड़ा ड्रोन हमला
रूस के मॉस्को मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक, राजधानी की ओर बढ़ रहे करीब 450 ड्रोन को मार गिराया गया। हमले में एक प्रमुख तेल रिफाइनरी और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हुए।
रिहायशी इमारत और मकानों को भी बनाया निशाना
सोफिनो में रविवार को एक ड्रोन तीन मंजिला रिहायशी इमारत से टकराया। इस हमले में 44 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। ओरेखोवो-जुएवो जिले में एक निजी मकान पर भी ड्रोन हमला हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मॉस्को के रात के आसमान में धमाके और एक जलता हुआ गोदाम दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें: बाबड़िया भाऊ में निकली डोल यात्रा, सुसज्जित विमान में भगवान श्रीकृष्ण ने किया पूरे गांव का भ्रमण
तेल रिफाइनरी को भी नुकसान
मेयर सोबयानिन ने बताया कि एक ड्रोन राजधानी के एक प्रमुख बुलेवार्ड के पास स्थित इमारत से टकराया। वहीं, यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, हमले में मॉस्को की तेल रिफाइनरी की तीन प्रमुख इकाइयों को नुकसान पहुंचा। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि यह रिफाइनरी मॉस्को क्षेत्र की एक तिहाई से ज्यादा ईंधन जरूरत पूरी करती है। यहां पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन तैयार होता है, जिसका कुछ हिस्सा रूसी सेना को भी भेजा जाता है।
यूक्रेन में भी रूसी हमलों से मौतें
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को कीव और सूमी क्षेत्रों में हुए रूसी हमलों में नौ लोगों की मौत हुई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस बीच, रूसी सरकारी मीडिया ने बताया कि रूस के कब्जे वाले खेरसॉन क्षेत्र में एक बस पर ड्रोन हमला हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक चुनाव अधिकारी भी शामिल था।
ये भी पढ़ें: जमुई में नाबालिग से बदसलूकी पर एक्शन! 7 पर POCSO केस, मुख्य आरोपी अब भी फरार, SIT को सौंपी गई जांच
चुनाव के बीच बढ़े हमले
मॉस्को के मेयर सोबयानिन ने ड्रोन हमले को रूस के संसदीय चुनाव को बाधित करने की कोशिश बताया। रविवार को चुनाव का तीसरा दिन था। चुनाव क्रेमलिन के कड़े नियंत्रण में होने की बात कही जाती है, जबकि आलोचक इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते रहे हैं।
ऊर्जा ठिकानों पर हमले जारी
पिछले सप्ताह रूस और यूक्रेन दोनों ने ऊर्जा और परिवहन ढांचे के साथ बड़े लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया है। यह सिलसिला ऐसे समय जारी है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि दोनों देश ऊर्जा ढांचे पर हमले नहीं करने पर सहमत हुए हैं।




















