West Bengal :TMC से निलंबित होते ही बदले सुर, रिजू दत्ता ने IPS अजय पाल शर्मा से मांगी माफी

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस से 6 साल के लिए निलंबित किए गए राष्ट्रीय प्रवक्ता रिजू दत्ता ने IPS अधिकारी अजय शर्मा को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सफाई देते हुए माफी मांगी है। तृणमूल कांग्रेस से छह साल के लिए निलंबित किए जाने के बाद रिजू दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उनका बयान व्यक्तिगत नहीं था, बल्कि पार्टी लाइन के तहत दिया गया था। दत्ता ने कहा कि उनकी अजय पाल शर्मा से कोई निजी दुश्मनी नहीं है और वह अपनी टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगते हैं।
पार्टी प्रवक्ता के तौर पर दिया था बयान
रिजू दत्ता ने वीडियो संदेश में कहा, मैंने वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पार्टी मुख्यालय से बनाया था। वह वीडियो पार्टी लाइन का हिस्सा था और तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि अब पार्टी द्वारा निलंबित किए जाने के बाद भाजपा समर्थकों का गुस्सा व्यक्तिगत रूप से उन पर निकाला जा रहा है। दत्ता ने दावा किया कि उन्होंने जो कुछ कहा, वह व्यक्तिगत हमला नहीं था।
यह भी पढ़ें: Money Laundering Case : पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा सात दिन की ईडी हिरासत में
अब परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन चाहता हूं
दत्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और अपने कानूनी सलाहकार की सलाह पर उन्होंने माफी मांगने का फैसला किया। उन्होंने कहा, मैं अब एक सामान्य व्यक्ति के रूप में अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहता हूं और अपनी आजीविका जारी रखना चाहता हूं। उम्मीद है कि अब यह विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: कोटा मेडिकल कॉलेज: सीजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की बिगड़ी हालत, 10 महिलाओं की किडनी फेल
चुनावी हिंसा और फालता में पुनर्मतदान
इस पूरे विवाद के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में फाल्टा सीट पर हुए मतदान को लेकर भी बड़ा फैसला सामने आया है। निर्वाचन आयोग ने गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन का हवाला देते हुए 21 मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है। 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान हिंसा और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। चुनाव आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया।
TMC की हार के बाद बढ़ी अंदरूनी कलह
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। रिजू दत्ता ने चुनाव बाद सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार की ओर से हिंसा रोकने के लिए उठाए गए कदमों की तारीफ की थी और जीत पर बधाई भी दी थी। इसके बाद पार्टी में उनके खिलाफ नाराजगी बढ़ गई।
तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी विरोधी बयान और अनुशासनहीनता के आरोप में रिजू दत्ता, कोहिनूर मजूमदार और कार्तिक घोष को छह साल के लिए निलंबित कर दिया। पार्टी ने इससे पहले पांच प्रवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था, जिन पर नेतृत्व और चुनावी रणनीति की सार्वजनिक आलोचना करने का आरोप लगा था।











