Rewa News : रीवा में नॉन एसी बस से गांव पहुंचे कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, जमीन पर लगाई चौपाल

ईंधन बचाने के क्रम में रीवा कलेक्टर नॉन एसी बस से गंगेव जनपद के टिकुरी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने चौपाल लगाई जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं। इस दौरान कलेक्टर ने लापरवाह अफसरों को फटकार लगाई और नोटिस जारी किए।
रीवा में नॉन एसी बस से गांव पहुंचे कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, जमीन पर लगाई चौपाल

रीवा। जिले में प्रशासनिक सख्ती और जमीनी हकीकत जानने का अनोखा नजारा उस समय देखने को मिला जब रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एक नॉन एसी बस में 42 अधिकारियों के साथ गंगेव जनपद पंचायत के टिकुरी गांव पहुंचे। भीषण गर्मी के बीच हुए इस सफर ने अधिकारियों को ग्रामीण जीवन की वास्तविक कठिनाइयों से रूबरू कराया। गांव पहुंचते ही कलेक्टर ने किसी औपचारिक मंच के बजाय जमीन पर बैठकर ग्राम चौपाल लगाई और सीधे ग्रामीणों से संवाद शुरू किया।

पेयजल संकट, खराब नल-जल योजना की शिकायत 

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, नल-जल योजना की खराब स्थिति, बिजली आपूर्ति में अनियमितता, जर्जर सड़कें और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। नल-जल योजना में लापरवाही मिलने पर पीएचई उपयंत्री और रोजगार सहायक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई सरकारी योजनाएं कागजों तक ही सीमित हैं और उनका लाभ वास्तविक रूप से गांव तक नहीं पहुंच रहा है।

ये भी पढ़ें: पीएम की अपील का असर: मध्यप्रदेश में अब कैबिनेट बैठक होगी वर्चुअल, बदलेगा प्रशासन का तरीका, समय और ईंधन दोनों की बचत!

जमकर लगाई फटकार 

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। लापरवाह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, जबकि कई मामलों में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के आदेश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया, वहीं ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।  

ये भी पढ़ें: एमपी में 20 मई को मेडिकल स्टोर्स की हड़ताल: ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध, देशभर की 8 लाख दुकानें रहेंगी बंद

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts