उपराष्ट्रपति चुनाव :रिटायर्ड जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, खड़गे ने किया ऐलान, NDA के सीपी राधाकृष्णन से मुकाबला

रिटायर्ड जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, खड़गे ने किया ऐलान, NDA के सीपी राधाकृष्णन से मुकाबला
बी. सुदर्शन रेड्डी vs सीपी राधाकृष्णन।
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि गठबंधन की सर्वसम्मति से पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार चुना गया है। उनका मुकाबला एनडीए उम्मीदवार और मौजूदा महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से होगा।

    दक्षिण भारत से दोनों उम्मीदवार

    इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव में खास बात यह है कि मुकाबले के दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। बी. सुदर्शन रेड्डी आंध्र प्रदेश से आते हैं, जबकि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु के रहने वाले हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे 'दक्षिण बनाम दक्षिण' का चुनाव बता रहे हैं। राधाकृष्णन 20 अगस्त को नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन की अंतिम तारीख 21 अगस्त तय की गई है, जबकि मतदान 9 सितंबर को होगा।

    Uploaded media

    बी. सुदर्शन रेड्डी का जीवन और करियर

    बी. सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई 1946 को आंध्र प्रदेश के रंगा रेड्डी जिले के अकुला मायलारम गांव में एक कृषि परिवार में हुआ था। शुरुआती शिक्षा के बाद उन्होंने हैदराबाद स्थित उस्मानिया यूनिवर्सिटी से 1971 में कानून की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सिविल और संवैधानिक मामलों में वकालत शुरू की और आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के. प्रताप रेड्डी के साथ कार्य किया। 1988 में उन्हें आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में गवर्नमेंट प्लीडर नियुक्त किया गया और बाद में केंद्र सरकार के एडिशनल स्टैंडिंग काउंसल बने।

    1993 में वे आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए और उस्मानिया यूनिवर्सिटी के लीगल एडवाइजर भी बने। इसके बाद 1993 में उन्हें आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। दिसंबर 2005 में वे गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने।

    सुप्रीम कोर्ट और लोकायुक्त का अनुभव

    बी. सुदर्शन रेड्डी को 2007 में सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। वे 8 जुलाई 2011 तक सुप्रीम कोर्ट में रहे। रिटायरमेंट के बाद मार्च 2013 में उन्होंने गोवा के पहले लोकायुक्त के रूप में कार्यभार संभाला, हालांकि कुछ महीनों बाद अक्टूबर 2013 में उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया।

    एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन

    एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन मैदान में हैं। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। राधाकृष्णन का राजनीतिक आधार तमिलनाडु में है और भाजपा ने उन्हें 17 अगस्त को उम्मीदवार घोषित किया था।

    उपराष्ट्रपति चुनाव का शेड्यूल

    • चुनाव आयोग अधिसूचना जारी: 07 अगस्त 2025 (गुरुवार)
    • नामांकन की अंतिम तारीख: 21 अगस्त 2025 (गुरुवार)
    • नामांकन की जांच: 22 अगस्त 2025 (शुक्रवार)
    • नाम वापस लेने की अंतिम तारीख: 25 अगस्त 2025 (सोमवार)
    • मतदान (यदि आवश्यक हुआ): 09 सितंबर 2025 (मंगलवार) सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
    • मतगणना (यदि आवश्यक हुई): 09 सितंबर 2025 (मंगलवार)

    ये भी पढ़ें: NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने की पीएम मोदी से मुलाकात, प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts