दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात पथराव; चार कारों के शीशे टूटे, भाजपा नेता की गाड़ी भी चपेट में आई

रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शनिवार रात एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई। झाबुआ जिले के थांदला से रतलाम जिले की सीमा की ओर आ रही चार कारों को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना में किसी वाहन का साइड ग्लास टूटा तो किसी के सामने का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। पत्थर लगने से 2 से 3 लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। डर के कारण किसी भी वाहन चालक ने मौके पर गाड़ी नहीं रोकी और सभी वाहन सीधे धामनोद स्थित 8-लेन टोल नाके पर पहुंचे। एक के बाद एक क्षतिग्रस्त कारों के टोल नाके पर पहुंचने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एएसपी विवेक कुमार सहित पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन सवारों से घटना की जानकारी लेने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया।
कार में नहीं था भाजपा जिला उपाध्यक्ष
पथराव की चपेट में रतलाम भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव की कार भी आई। हालांकि घटना के समय यादव कार में मौजूद नहीं थे। उनके दोस्त गुजरात के दाहोद से लौट रहे थे। यादव के अनुसार पत्थर लगने से कार का साइड ग्लास टूट गया। सूचना मिलने के बाद वे भी धामनोद टोल नाके पर पहुंचे। बताया गया कि चारों कारों पर अलग-अलग स्थानों पर पत्थर लगे। एक वाहन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चलते वाहन के सामने अचानक पत्थर आकर कांच से टकराता दिखाई दे रहा है।
10 दिन में दूसरी वारदात
दिल्ली-मुंबई 8-लेन पर करीब 10 दिन के भीतर पथराव की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 7 अगस्त की रात करीब 11 बजे थांदला से रतलाम की ओर आ रहे रोटरी के गवर्नर और कारोबारी संस्कार कोठारी की कार पर भी बड़ा पत्थर आकर लगा था। पत्थर ड्राइवर साइड के पीछे वाले हिस्से में लगा था और कोठारी उसी तरफ बैठे थे। ड्राइवर विजय ने वाहन नहीं रोका और सीधे धामनोद टोल नाके पर पहुंचाया। बाद में 8-लेन कर्मचारियों और रतलाम पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: मटके का वार बना जानलेवा! घरेलू विवाद में भतीजे ने काका के सिर पर फोड़ा मटका, मौत
इसके पहले कब-कब हुई घटनाएं
- 1 फरवरी 2024 : रावटी थाना क्षेत्र, माही नदी के पास
- 13-14 जुलाई 2024 की रात : शिवगढ़ थाना क्षेत्र, ग्राम बायड़ी के पास
- 1 जनवरी 2026 की रात : थांदला–रावटी के बीच
- 10-11 जनवरी 2026 की रात : रावटी थाना क्षेत्र, भग्गा सैलोद–भीमपुरा के बीच
- 21 मार्च 2026 की रात : शिवगढ़ थाना क्षेत्र
- 7 सितंबर 2026 की रात : थांदला से करीब 15 किमी आगे, रतलाम की ओर
- 19 सितंबर 2026 की रात : थांदला–रावटी, रतलाम सीमा से पहले
पथराव करने वालों को तलाश कर रहे हैं
रावटी और शिवगढ़ थाना प्रभारी को घटना के बाद 8-लेन पर भेजा गया था। पुलिस टीमों ने घटना वाले क्षेत्र और उसके आसपास सर्चिंग की। पथराव करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसपी विवेक कुमार, रतलाम
ये भी पढ़ें: 'हर तरफ गंदी निगाहें...' लड़की बनकर रात में दिल्ली की सड़कों पर निकला शख्स, बताया कैसा रहा अनुभव



















